रांची. उत्साह और समृद्धि के पावन पर्व बैसाखी पर शनिवार को पीपी कंपाउड स्थित गुरुनानक स्कूल के सभागार में विशेष दीवान सजाया गया. इसमें सिख समाज ने श्रद्धा और उल्लास के साथ भाग लिया. यह आयोजन श्री गुरुद्वारा सिंह सभा और स्कूल प्रबंधन कमेटी द्वारा किया गया. अमृतसर से आये रागी जत्था के भाई दलबीर सिंह और भरपूर सिंह जी ने शबद कीर्तन प्रस्तुत किया. बताया गया कि 13 अप्रैल 1699 को सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की थी. इसलिए इस दिवस को खालसा सृजन दिवस के रूप में भी मनाया जाता है. गुरुनानक स्कूल परिसर में सुबह से ही काफी चहल-पहल रही. लोग रंग-बिरंगे परिधानों में सज कर पहुंचे. युवाओं की टीम सेवा कार्य में जुटी रही. लंगर का भी आयोजन किया गया. साथ ही सिख समाज के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया. आयोजन में सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा भी शामिल हुए. इस अवसर पर हरमीत सिंह, गुरमीत सिंह, कुलतार सिंह, हरविंदर सिंह लाली आदि मौजूद थे.
बैसाखी पर सजा विशेष दीवान
उत्साह और समृद्धि के पावन पर्व बैसाखी पर शनिवार को विशेष दीवान सजाया गया
