रांची. महिला दिवस की पूर्व संध्या पर प्रभात खबर कार्यालय में एक विशेष परिचर्चा हुई. अधिकार, समानता और सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ. परिचर्चा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया और अपनी बात खुलकर रखी. अपने अनुभव, विचार और संघर्ष साझा किये. परिचर्चा में यह बात सामने आयी कि आज भी महिलाएं अपने अधिकारों के लिए लड़ रही हैं. उन्हें अपने सम्मान और सशक्तीकरण के लिए कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. कई बार यह संघर्ष अपने ही घर से शुरू होता है, जहां उन्हें अपनी शिक्षा, करियर और निर्णय लेने की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करना पड़ता है. हालांकि, धीरे-धीरे समाज में बदलाव देखने को मिल रहा है और महिलाओं की स्थिति में सुधार हो रहा है, लेकिन अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है.
महिलाओं के अधिकार और जागरूकता की जरूरत
महिलाओं ने इस बात पर जोर दिया कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है. जब तक महिलाएं खुद अपने अधिकारों को नहीं पहचानेंगी, तब तक वे अपने लिए उचित अवसर हासिल नहीं कर पायेंगी. परिचर्चा में यह भी कहा गया कि महिलाओं के लिए सपोर्ट सिस्टम होना आवश्यक है, जिससे वे बिना किसी भय के आगे बढ़ सकें. जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होंगी, तभी वे अपने फैसले खुद ले सकेंगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
