राज्य में इस माह हो सकती है एसआइआर की शुरुआत, जिलों को निर्देश जारी
Copied link
झारखंड में इस महीने ही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) की औपचारिक घोषणा की जा सकती है. इसे लेकर चुनाव आयोग की तैयारी अंतिम चरण में है.
विवेक चंद्र, रांची. झारखंड में इस महीने ही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआइआर) की औपचारिक घोषणा की जा सकती है. इसे लेकर चुनाव आयोग की तैयारी अंतिम चरण में है. इसके लिए जिलों को दिशानिर्देश भी दिये जा रहे हैं. चुनाव आयोग ने राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को एसआइआर की अधिसूचना जारी होने के बाद करीब 100 दिनों में पूरी प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य दिया है. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा एसआइआर शुरू होने से पहले बड़े पैमाने पर प्रारंभिक तैयारी की जा रही है.
झारखंड में करीब 2.65 करोड़ मतदाता पंजीकृत
वर्तमान में झारखंड में करीब 2.65 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं. अब तक राज्य के 73% से अधिक मतदाताओं का सत्यापन हो चुका है. एसआइआर की प्रक्रिया शुरू होने के बाद मतदाता सूची की व्यापक जांच, सत्यापन और सुधार का काम होगा. राज्य के सभी जिलों में करायी गयी मतदाता सूची की प्रारंभिक जांच में ही करीब 12 लाख ऐसे मतदाता चिह्नित किये गये हैं, जो अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरी प्रविष्टि की श्रेणी में आ सकते हैं.
प्रशासनिक तैयारी तेज कर दी गयी है
एसआइआर को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज कर दी गयी है. अब तक राज्य के करीब 1.61 करोड़ मतदाताओं का मिलान पुराने रिकॉर्ड से किया जा चुका है. इसके अलावा मतदाता सूची में मिली गलतियां भी ठीक की जा रही हैं. जिलों में की जा रही प्रारंभिक जांच में करीब 6.72 लाख गलतियां मिली हैं, जिनमें फोटो, नाम और पते से जुड़ी गड़बड़ियां शामिल हैं. राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारियों, इआरओ और एइआरओ के साथ बैठक कर रणनीति तय की जा रही है. बीएलओ को प्रशिक्षण देने, डिजिटल डाटा अपडेट करने और मतदाताओं की पैरेंटल मैपिंग का काम तेजी से हो रहा है.
पिछले 26 सालों से पत्रकारिता में हूं. फिलहाल प्रथम पेज देखता हूं. साथ ही खबरों के समन्वय का भी काम करता हूं. स्थानीय खबरों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों के चयन में सहयोग करता हूं.