रांची. लालपुर थाना क्षेत्र के इस्ट जेल रोड स्थित इस्ट लैंड गेस्ट हाउस में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार तड़के छापेमारी कर तीन युवतियों के अलावा गेस्ट हाउस संचालक सौरव नायक (कांके रोड, धवन नगर, गोंदा) और हर्ष राज (पिपराटोली, खूंटी) को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने मौके से चार मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामान बरामद किये हैं. पुलिस के अनुसार पश्चिम बंगाल से युवतियों को बुलाकर गेस्ट हाउस में देह व्यापार कराया जा रहा था. मामले के मुख्य सरगना राजन की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. जानकारी के अनुसार लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह को 14 अगस्त की रात करीब दो बजे गेस्ट हाउस में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली. इसके बाद कोतवाली के सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी.
टीम में कार्यपालक दंडाधिकारी मो जफर हसनात, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी और महिला पुलिसकर्मी शामिल थे. टीम ने तड़के करीब तीन बजे गेस्ट हाउस में छापेमारी की. रिसेप्शन पर मौजूद सौरव नायक से पूछताछ के बाद पुलिस ने पहली मंजिल के कमरा नंबर 207 और 208 की तलाशी ली. कमरा नंबर 207 से हर्ष राज और पश्चिम बंगाल की एक युवती मिली. वहां से एक कंडोम बरामद हुआ. वहीं कमरा नंबर 208 में दो युवतियां मिलीं. तलाशी के दौरान वहां से भी कई कंडोम बरामद किये गये. राजन ग्राहकों से तय करता था सौदा
पुलिस पूछताछ में युवतियों ने बताया कि राजन नाम का व्यक्ति पूरे रैकेट को संचालित करता था. वह ग्राहकों से सौदा तय करने के बाद ड्राइवरों के माध्यम से युवतियों को गेस्ट हाउस तक भेजता था. युवतियों को 13 दिन के लिए 50 हजार या 15 दिन के लिए 60 हजार रुपये नकद दिये जाते थे. रांची में उनके ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था गेस्ट हाउस संचालक सौरव नायक करता था. पुलिस के अनुसार राजन के खिलाफ लालपुर थाने में पहले भी मामले दर्ज हैं.
