ग्रामीण महिलाएं बनीं बदलाव की अगुवा : दीपिका

झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रोमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) और नाबार्ड के संयुक्त प्रयास से स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट (सर्ड) में सोमवार को ‘अबुआ आजीविका संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया.

रांची. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रोमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) और नाबार्ड के संयुक्त प्रयास से स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट (सर्ड) में सोमवार को ‘अबुआ आजीविका संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया. मौके पर झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आज ग्रामीण महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि दूसरों के लिए रोजगार का अवसर भी बना रही हैं. जेएसएलपीएस द्वारा सखी मंडल के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन आया है. राज्य सरकार अबुआ आजीविका को लेकर गंभीर है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं महिलाओं की आजीविका से जुड़ी पहलों और पलाश ब्रांड के विस्तार के लिए निरंतर प्रोत्साहित करते रहे हैं. ग्रामीण विकास विभाग के सचिव के श्रीनिवासन ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं संगठित होकर अनुशासित वित्तीय लेन-देन कर रही हैं. ऋण सहायता से विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर रही हैं. अब आवश्यकता है कि इन उत्पादों के लिए मजबूत मार्केटिंग सुविधा विकसित की जाये. इसी दिशा में रांची में पलाश मॉल की स्थापना की जा रही है, जो शीघ्र प्रारंभ होगा. सभी जिला मुख्यालयों में भी ऐसी पहल की योजना है.

आदिवा व पलाश को किया जायेगा सशक्त

जेएसएलपीएस के सीइओ अनन्य मित्तल ने कहा कि इस वर्ष ब्रांड पलाश और आदिवा को सशक्त किया जायेगा. उत्पादों की सप्लाई चेन को मजबूत करना हमारी जिम्मेदारी है. ग्राम स्तर पर भी उपभोग बढ़ेगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी. नाबार्ड की सीजीएम दीपमाला घोष ने कहा कि महिलाओं को मुख्यधारा में लाने की पहल की गयी है. आगे हमारा लक्ष्य घरेलू उद्यमों को व्यवसायिक स्तर तक ले जाने के लिए गुणवत्ता सुनिश्चित करना है. नाबार्ड लगातार एफपीओ को प्रोत्साहित कर रहा है और बाजार से जोड़ने के लिए ग्राम दुकान व रूरल मार्ट जैसी पहल कर रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRAVEEN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >