Ranchi News : रिम्स निदेशक ने दोबारा से पद संभालते ही 81 डॉक्टर को दी प्रोन्नति

प्रबंधन के पास करीब चार महीने से पड़ी थी प्रमोशन की फाइल, शासी परिषद में भी नहीं हो सका था निर्णय.

रांची. राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में डॉक्टरों के प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है. 100 में से 81 डॉक्टरों को प्रमोशन मिला है. रिम्स में निदेशक पद पर दोबारा योगदान देने के साथ ही डॉ राजकुमार ने डाॅक्टरों की प्रोन्नति का रिजल्ट जारी कर दिया. 41 डाॅक्टरों को एक जुलाई 2024 से प्रोन्नति दी गयी है, जबकि 33 डाॅक्टरों को एक जुलाई 2023 से और सात डाक्टरों को एक जुलाई 2022 से प्रोन्नति मिली है.

13 डाॅक्टरों को प्रोफेसर पद पर प्रोन्नति दी गयी, इसमें तीन डाॅक्टर डेंटल विभाग से हैं. जबकि, एडिशनल प्रोफेसर पद पर 28 डाॅक्टरों को प्रोन्नति मिली है. इनमें 12 डाक्टर डेंटल विभाग से हैं. वहीं, 40 डाॅक्टरों को असिस्टेंट प्रोफेसर से एसोसिएट प्रोफेसर पद पर प्रोन्नति मिली है.

अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में रिम्स में कार्यरत चिकित्सकों की प्रोन्नति समिति की बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया था. इसमें सह प्राध्यापक से अपर प्राध्यापक के पद पर प्रोन्नति दी गयी है. डॉक्टरों को पे-बैंड 37,400 से 67,000 ग्रेड पे, 9500 मिनिमम बेसिक पे और 55,500 एनपीए सहित अन्य तरह के अलाउंस का लाभ दिया गया है. चिकित्सकों की प्रोन्नति के मामले में कई महीने से फैसला लंबित था. 15 अप्रैल को हुई शासी निकाय की बैठक में 23 प्रस्ताव पारित किये गये थे. इसमें डॉक्टरों की प्रोन्नति का मुद्दा भी शामिल था.

प्रोन्नति पानेवाले प्रमुख चिकित्सक

रिम्स ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ सुषमा कुमारी, कार्डियोलॉजी विभाग से डॉ प्रशांत कुमार, जनरल मेडिसिन से डॉ रश्मि सिंह, डॉ अभय कुमार, डॉ मनोहर लाल प्रसाद, सर्जरी से डॉ निशीथ एम पॉल एक्का व डॉ समीर टोप्पो, पीडियाट्रिक डिपार्टमेंट से डॉ सुनंदा झा, डॉ उपेंद्र प्रसाद साहू, पैथोलॉजी से डॉ मनोज कुमार पासवान, डॉ सुनील कुमार महतो, पीडियाट्रिक सर्जरी से डॉ अभिषेक रंजन, डेंटल डिपार्टमेंट से 11 डॉक्टर, एनाटॉमी से चार, एनेस्थीसिया से नौ, क्रिटिकल केयर मेडिसिन से डॉ जयप्रकाश, सर्जिकल अंकोलॉजी से डॉ रोहित कुमार झा, फिजियोलॉजी से डॉ राजेंद्र कुमार सहित अन्य डॉक्टर शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >