Online Fraud News: फेसबुक पर विदेशी दोस्त बनाना एक महिला को महंगा पड़ गया. शातिर ठगों ने पार्सल और गिफ्ट भेजने के नाम पर महिला से लाखों रुपये की ठगी कर ली. इस संबंध में पीड़िता सदाबहार चौक, नामकुम निवासी उमा कुमारी ने रांची साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पीड़िता के अनुसार 27 मार्च 2026 को फेसबुक पर डॉ सैम चेरिस नाम की आइडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आयी थी. दोस्ती बढ़ने के बाद बातचीत व्हाट्सऐप पर होने लगी. ठग ने खुद को यूके का निवासी बताते हुए महिला को विश्वास में लिया. कुछ दिनों बाद उसने अपनी कथित बेटी का जन्मदिन होने की बात कह कर पीड़िता को विदेश से एक कीमती गिफ्ट पार्सल भेजने का झांसा दिया और उसका पता मांगा.
महिला ने कस्टम अधिकारी बता कर फोन किया
खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बता कर एक महिला ने पीड़िता को फोन किया और पार्सल छुड़ाने के नाम पर अलग-अलग शुल्कों की मांग की. पहले कार्गो शिप चार्ज के नाम पर 25,000 रुपये लिये गये. इसके बाद पार्सल में 30 हजार पाउंड होने की बात कहकर उसे भारतीय मुद्रा में बदलने के नाम पर 75,000 रुपये ठग लिये. ठगों ने डराया कि पैसे नहीं लेने पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस हो जायेगा. इसके बाद रेलवे से पार्सल भेजने, एक्स-रे मशीन में पैसे पकड़े जाने, दिल्ली टीम की जांच, टिकट खर्च और मिसिंग डॉक्यूमेंट्स की पेनाल्टी के नाम पर लगातार 55,000, 45,000 रुपये की कई किस्तें ली गयीं. हद तो तब हो गयी जब फेसबुक फ्रेंड के भारत आने और उसे मुंबई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिये जाने का नाटक रचकर इमिग्रेशन के नाम पर भी पैसे वसूले गये. बार-बार पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़िता ने केंद्रीय साइबर अपराध पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज करायी. इसके बाद अब साइबर थाने में एफआइआर दर्ज की गयी है.
ये भी पढ़ें: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: ग्रेजुएट ट्रेंड टीचरों को मिलेगा समान वरीयता और अपग्रेड वेतन का लाभ, झारखंड हाईकोर्ट का आदेश
