Education News : रांची विवि का दीक्षांत समारोह कल, लड़कियों का रहेगा बोलबाला

रांची विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह सात मार्च 2025 को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में होगा. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से एक दिन पूर्व आयोजित इस समारोह में लड़कियों का बोलबाला रहेगा.

रांची (विशेष संवाददाता). रांची विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह सात मार्च 2025 को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में होगा. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से एक दिन पूर्व आयोजित इस समारोह में लड़कियों का बोलबाला रहेगा. कुल 63 गोल्ड मेडल में 48 पर लड़कियों ने कब्जा कर लिया है, जबकि 15 गोल्ड मेडल लड़कों के खाते में है. वहीं डिग्री प्राप्त करनेवाले कुल 4410 विद्यार्थियों में भी सबसे अधिक लड़कियां हैं. इनमें 3291 डिग्री लड़कियों के नाम हैं, जबकि लड़कों के नाम पर 1119 डिग्रियां हैं. उक्त जानकारी कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा ने बुधवार को पत्रकारों को दी.

कुलपति ने बताया कि इस समारोह में एक फरवरी 2024 से 31 जनवरी 2025 तक जारी परीक्षाफल में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिग्री व गोल्ड मेडल दिये जा रहे हैं. समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे. पत्रकारों को समारोह की विस्तृत जानकारी विवि के वित्त परामर्शी अजय कुमार, डीएसडब्ल्यू डॉ सुदेश साहु, प्रॉक्टर डॉ एमसी मेहता, परीक्षा नियंत्रक डॉ विकास कुमार, रजिस्ट्रार डॉ जीसी साहु, उप कुलसचिव सह वित्त पदाधिकारी डॉ प्रीतम कुमार, सीसीडीसी डॉ पीके झा, ओएसडी डॉ रोहित श्रीवास्तव, नोडल अफसर प्रो अरुण कुमार, वीरेंद्र कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से दी.

पीजी आइटी को शामिल नहीं किया गया

रांची वीमेंस कॉलेज में पीजी आइटी की पढ़ाई होती है, लेकिन इस दीक्षांत समारोह में उक्त विषय को शामिल ही नहीं किया गया है. रांची वीमेंस कॉलेज की प्राचार्या डॉ सुप्रिया ने अपनी आपत्ति विवि के परीक्षा नियंत्रक के समक्ष दर्ज करायी है.

12 गोल्ड ओवरऑल व बेस्ट को मिलेगा

इस समारोह में कुल 63 गोल्ड मेडल में 51 विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिल रहा है, जबकि 12 गोल्ड ओवरऑल/बेस्ट को दिया जा रहा है. मेडिकल के एक विषय का रिजल्ट समय पर नहीं निकलने के कारण उसे शामिल नहीं किया गया है.

2579 पीजी आर्ट्स के विद्यार्थी होंगे शामिल

समारोह में कुल 4410 में पीजी आर्ट्स के 2579 विद्यार्थी शामिल होंगे, जबकि बीडीएस, बीएड, डीएससी, एलएलबी, एमबीबीएस, एमएसएन, बीएससी, बीकॉम के एक-एक विद्यार्थी, एमकॉम के 568, डीलिट के 11, एलएलएम के 29, एमबीए के 166, एमसीए के 93, एमएड के 103, एमफिल के 45, पीएचडी के 163, एमएससी के 642, बीए के तीन विद्यार्थी हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >