Ranchi: BJP ने रोशनी खलखो को बनाया मेयर प्रत्याशी, कांग्रेस ने रमा खलखो पर दिखाया भरोसा
Ranchi: भाजपा ने रांची में मेयर पद के लिए रोशनी खलखो को अपना उम्मीदवार बनाया है. जबकि कांग्रेस ने रमा खलखो पर भरोसा दिखाया है. रोशनी एक मुखर पूर्व वार्ड पार्षद रह चुकी हें. वहीं रमा पूर्व मेयर हैं.
Ranchi: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की रणभेरी बजते ही प्रदेश भाजपा ने अपने पत्ते खोल दिये हैं. सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में नौ नगर निगमों के मेयर पद और नगर परिषद अध्यक्ष के उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन गयी है. रांची नगर निगम के लिए पूर्व पार्षद रोशनी खलखो को भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी बनाया गया है. वह चार फरवरी को अपना नामांकन दाखिल करेंगी. नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है. इस वजह से पार्टी की ओर से अधिकृत सूची जारी नहीं की गयी है.
राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में हुआ निर्णय
बैठक राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा की अध्यक्षता में हुई. इसमें प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और कोर कमेटी के सदस्यों ने मंथन किया. इससे पहले 31 जनवरी को हुई बैठक में प्रत्येक सीट के लिए तीन-तीन संभावित नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया था, जिस पर सोमवार को अंतिम निर्णय लिया गया. पार्टी ने चयनित उम्मीदवारों की सूची संबंधित जिलाध्यक्षों को भेज दी है.
रोशनी खलखो ने लड़ी थी अदालती लड़ाई
रांची की उम्मीदवार रोशनी खलखो पूर्व में पार्षद रह चुकी हैं. उन्होंने ही झारखंड हाइकोर्ट में समय पर नगर निकाय चुनाव कराने को लेकर याचिका दायर की थी. उनकी इस कानूनी पहल के बाद ही हाइकोर्ट ने राज्य सरकार को जल्द चुनाव कराने का कड़ा निर्देश दिया था.
जिलाध्यक्षों को दिये गये निर्देश
बैठक के बाद पार्टी ने स्पष्ट किया है कि सभी जिलों में संगठन पूरी एकजुटता के साथ इन उम्मीदवारों को जिताने के लिए कार्य करेगा. बैठक में प्रदेश भाजपा के कई दिग्गज नेता मौजूद थे, जिन्होंने चुनावी रणनीति और बूथ मैनेजमेंट पर भी चर्चा की.
मेयर पद के भाजपा समर्थित संभावित उम्मीदवार
रांची नगर निगम – रोशनी खलखो
धनबाद नगर निगम – संजीव अग्रवाल
देवघर नगर निगम – रीता चौरसिया
आदित्यपुर नगर निगम – प्रभाषिणी कालुंडिया
चास नगर निगम – अविनाश कुमार
मानगो नगर निगम – बबीता सिंह
मेदिनीनगर नगर निगम – अरुणा शंकर
हजारीबाग नगर निगम – सुदेश चंद्रवंशी
गिरिडीह नगर निगम – डॉ शैलेंद्र चौधरी
फिर चुनावी रण में पूर्व मेयर रमा, 3 फरवरी को नामांकन
पूर्व मेयर व कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो एक बार फिर नगर निगम चुनाव के रण में उतरने को तैयार हैं. सोमवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने औपचारिक रूप से घोषणा की कि वह रांची नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए चुनाव लड़ेंगी. श्रीमती खलखो ने बताया कि वह तीन फरवरी को दोपहर 12:30 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी. उन्होंने कहा कि 2008 में जनता ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी थी, उसे मैंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया. मेरे कार्यकाल के दौरान हुए जनहित के कार्यों को शहर की जनता ने न केवल देखा है, बल्कि महसूस भी किया है. उन्होंने शहरवासियों से एक बार फिर आशीर्वाद और समर्थन की आकांक्षा जतायी.
अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि जनता का समर्थन मिलता है, तो उनकी पहली प्राथमिकता नगर निगम को प्रशासनिक और कार्यात्मक रूप से सुदृढ़ बनाना होगा. कहा कि मेरी प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और प्रभावी सुविधाएं मिलें. शहर की स्वच्छता और बुनियादी ढांचे का कायाकल्प हो. जनसरोकार से जुड़े मुद्दों का त्वरित निष्पादन किया जाये.
ये भी पढ़ें…
आधी रात दहल गया धनबाद, झरिया विधायक के आवास सिंह मेंशन पर बमबारी, इलाके में दहशत
