रांची-मुरी रोड पर काल बनी तेज रफ्तार कार, होटवार से सिल्ली जा रही स्कूटी सवार महिला को रौंदा, मौत

Ranchi Road Accident: रांची-मुरी सड़क पर अनगड़ा के बरवादाग के पास कार (JH 05 BZ 2078) की टक्कर से स्कूटी सवार महिला मुन्नी उरांव की मौत हो गई. पुलिस ने दोनों वाहन को जब्त कर लिया है. पढ़ें, कैसे हुआ ये हादसा.

अनगड़ा से जितेन्द्र कुमार की रिपोर्ट

Ranchi Road Accident, रांची: रांची-मुरी मुख्य सड़क पर अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित बरवादाग के समीप रविवार की दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई. इस हादसे में स्कूटी पर सवार एक 49 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका की पहचान मुन्नी उरांव के रूप में की गई है, जो मूल रूप से सिल्ली की रहने वाली थीं. इस घटना के बाद से उनके परिवार में कोहराम मच गया है. घटना की जानकारी मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार और क्षतिग्रस्त स्कूटी दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

विपरीत दिशा से आ रही कार ने मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुन्नी उरांव वर्तमान में खेलगांव के पास महुआटोली, होटवार स्थित अपने घर में रह रही थीं. रविवार को वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर अपने पैतृक गांव खपचाबेड़ा, सिल्ली जा रही थीं. इस दौरान जैसे ही वह अनगड़ा के बरवादाग के पास पहुंचीं, विपरीत दिशा से बेहद तेज रफ्तार में आ रही एक कार (पंजीकरण संख्या- JH 05 BZ 2078) ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और मुन्नी उरांव हवा में उछलते हुए सड़क पर दूर जा गिरीं, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.

Also Read: पलामू में मातम: यूपी हादसे में मरे 5 युवकों के शव पहुंचते ही रोया मेदिनीनगर, एक साथ उठीं चार अर्थियां

ग्रामीणों और आजसू कार्यकर्ताओं ने पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय ग्रामीणों और वहां से गुजर रहे आजसू (AJSU) पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए खून से लथपथ घायल महिला को उठाया और आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी मेसो अस्पताल, जोन्हा पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अनगड़ा रेफर कर दिया. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी. सीएचसी अनगड़ा लाते ही डॉक्टरों ने महिला को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ गहरा आक्रोश है.

Also Read: गुमला-लोहरदगा को बड़ी सौगात, 291 KM नई लाइन मंजूर, सांसद सुखदेव भगत के प्रयास लाए रंग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >