रांची से लापता हुए मासूम भाई-बहन, भाई को लगना था चौथा एंटीरेबीज इंजेक्शन

Ranchi News : रांची के पटेल नगर से दो मासूम भाई-बहन के लापता होने से परिवार में मातम पसरा है. पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी है और लोगों से किसी भी सूचना मिलने पर तुरंत संपर्क करने की अपील की गई है.

Ranchi News : झारखंड के रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र सेक्टर-1 स्थित पटेल नगर निवासी चिरंजीव महतो का छह वर्षीय बेटा युवांश उर्फ तूफान और 10 वर्षीय बेटी रोशनी कुमारी 25 मई की दोपहर 1:00 बजे के बाद से लापता हैं. 26 मई को पिता ने जगन्नाथपुर थाना में लापता बच्चों के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है.

सूचना देने की अपील

बच्चों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर पिता को  9572650742 और जगन्नाथपुर थाना के नंबर 9431706169 पर तुरंत संपर्क करें. आपकी एक सूचना बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है.

लापता युवांश को लोग तूफान के नाम से बुलाते हैं 

लापता युवांश को मुहल्ले और झोपड़ी मार्केट की दुकान के आसपास के लोग तूफान नाम से बुलाते हैं. पिता ने बताया कि युवांश खाने का बहुत शौकीन है. कभी चाउमिन, कभी फुचका, तो कभी अन्य खाने की चीजें खरीद कर खाता रहता था. पिता के मुताबिक, एक मई को घर के पास खेलने के दौरान युवांश को एक कुत्ते ने काट लिया था. इसके बाद उसे रेबीज का इंजेक्शन दिलाया जा रहा है. एक मई, चार मई, आठ मई को इंजेक्शन लग चुका था. अगला इंजेक्शन 29 मई को पड़ने वाला है. टीका नहीं लगने से बच्चे की जान को खतरा हो सकता है.

सीसीटीवी फुटेज में दिखे दोनों बच्चे

पुलिस बच्चों की तलाश में जुट गई है. वहीं, ‘प्रभात खबर’ की टीम ने भी मामले की पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस के साथ ‘प्रभात खबर’ की टीम ने भी बच्चों के घर के आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू किया. इस दौरान घर से करीब 800 मीटर दूर लगे एक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दोनों बच्चे देखे गए. पुलिस ने रांची और हटिया रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों का फुटज भी खंगाला.

फुचका खाते दिखे थे तीन बच्चे

झोपड़ी मार्केट के पास एक दुकानदार ने बताया कि कुल तीन बच्चे पास की दुकान में फुचका खा रहे थे. इसके बाद वे कहीं चले गए. इधर, सिटी एसपी पारस राणा मंगलवार शाम लापता बच्चों के घर पहुंचे और परिजन से घटना की जानकारी ली.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

चिरंजीव महतो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के झालदा के रहने वाले हैं. वे सुधा डेयरी में ऑपरेटर के तौर पर काम करते हैं. वे 10 साल से रांची में रह रहे हैं. जबकि तीन साल से वह परिवार के साथ सेक्टर-1 के पटेल नगर स्थित एक छोटे से मकान में रह रहे हैं. परिवार काफी गरीब है. छोटे छोटे दो कमरे के एसबेस्टस वाले घर में किसी तरह गुजर-बसर करता है.

सब्जी बेचती है बच्चों की मां

पत्नी रूपाली खलखो गुरुवार और रविवार को सेक्टर-2 में सब्जी बेचती है. जबकि, अन्य दिनों में झोपड़ी मार्केट, पंचमुखी बाजार में सब्जी की दुकान लगाती है. रूपाली ने बताया कि दोनों बच्चे धुर्वा स्थित गायत्री मंदिर स्कूल में पढ़ते हैं. युवांश पहली और रोशनी तीसरी कक्षा में है. एक और छोटा बेटा है, जो मां के साथ रहता है.

यह भी पढ़ें: धनबाद जेल पहुंचकर रजनी रवानी से मिले सांसद ढुल्लू महतो, सीबीआई जांच कराने की कही बात

यह भी पढ़ें: दो हफ्ते के अंदर जोजोबाटा में लगेगा चापाकल, अधिकारियों के साथ पहुंचे विधायक दशरथ गागराई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >