Ring Road Accident News: मानकी ढीपा रिंग रोड पर सड़क दुर्घटना में रंजीत बैठा (30) की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शव के साथ रिंग रोड जाम कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शाम करीब चार बजे ग्रामीण शव लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क पर रख दिया. जाम की सूचना पर टाटीसिलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे.
ग्रामीणों ने मौके पर वरीय अधिकारियों और एनएचएआइ के अधिकारियों को बुलाने, मृतक के परिजनों को 30 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी, घटनास्थल पर अंडरपास और स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की. उनका कहना था कि रंजीत अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बेटे को छोड़ गया है. ऐसे में परिवार के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के लिए स्थायी उपाय करने की भी मांग की. दो दिन के अंदर मांगें पूरी नहीं होने पर टोल प्लाजा को जाम करने की चेतावनी दी.
आश्वासन मिलने के बाद हटाया जाम
ग्रामीण लगातार बारिश के बावजूद अपनी मांगों पर डटे रहे. रात करीब साढ़े आठ बजे अंचल कार्यालय का एक कर्मचारी जाम स्थल पर पहुंचा और मृतक के अंतिम संस्कार के लिए 12 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की. वहीं, एनएचएआइ के मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारी ने मांगों को सक्षम अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. जाम के कारण रिंग रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी थी. जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
कंटेनर की चपेट में आने से रंजीत की हुई थी मौत
गुरुवार की शाम स्कूटी से रिंगरोड पार करने के क्रम में तेज रफ्तार कंटेनर ने रंजीत बैठा को अपनी चपेट में ले लिया था. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. घायल रंजीत को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स में इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी.
ये भी पढ़ें: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: ग्रेजुएट ट्रेंड टीचरों को मिलेगा समान वरीयता और अपग्रेड वेतन का लाभ, झारखंड हाईकोर्ट का आदेश
