RIMS में महिला मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों और जूनियर डॉक्टरों में भिड़ंत

रांची के रिम्स में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. इस घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों ने भी कार्य बहिष्कार कर दिया.

रांचीः रिम्स सर्जरी विभाग के सी-टू वार्ड में भर्ती इटकी की नसीमा खातून की रविवार दोपहर 2:30 बजे मौत हो गयी. महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. रिम्स जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन का कहना है कि परिजनों ने स्लाइन के रॉड को उठाकर पटकना शुरू कर दिया. साथ ही एक पीजी छात्र से हाथापाई भी कर दी. वार्ड में तैनात जूनियर डॉक्टरों ने अपने सहपाठियों को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही मेडिकल छात्र वार्ड पहुंचे और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गयी. करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा. जानकारी मिलने पर बरियातू पुलिस भी पहुंची. विभागाध्यक्ष डॉ पंकज बोदरा ने किसी तरह मामला शांत कराया.

ये भी पढ़ें- मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर रांची के कई स्कूल 7 सितंबर को बंद, यहां देखें पूरी लिस्ट

निजी अस्पताल में सर्जरी के बाद रिम्स में कराया गया था भर्ती

सूत्रों के अनुसार महिला के पैंक्रियाज की सर्जरी एक निजी अस्पताल में हुई थी. स्थिति खराब होने पर उसे रिम्स लाकर डॉ एके कमल के वार्ड में भर्ती कराया गया. भर्ती के वक्त ही परिजनों को बताया गया था कि महिला की स्थिति गंभीर है. वहीं, परिजनों का कहना है कि महिला की हालत ठीक थी और डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरती.

मारपीट के विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने किया कार्य बहिष्कार

मारपीट और लचर सुरक्षा व्यवस्था के विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने इमरजेंसी में कार्य का बहिष्कार कर दिया. दोपहर 2:20 से करीब 3:20 तक डॉक्टर वार्ड छोड़कर चले गये. सूचना मिलते ही निदेशक डॉ डीके सिन्हा पहुंचे और विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा व्यवस्था सख्त की जायेगी. सीसीटीवी कैमरा चालू कराया जायेगा और एक से अधिक परिजनों को वार्ड में अनुमति नहीं दी जायेगी. इसके बाद डॉक्टर मान गये. सोमवार को जूनियर डॉक्टर और रिम्स प्रबंधन के बीच बैठक होगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव पांडेय

राजीव पांडेय, चीफ रिपोर्टर, प्रभात खबर रांची. 15 साल से पत्रकारिता से जुड़ा हूं. प्रभात खबर में हेल्थ से संबंधित कई रिपोर्ट ब्रेक किया है, जिसको देश स्तर पर पहचान मिला.मुझे वर्ष 2023 में लाडली मीडिया से सम्मानित भी किया गया है. रीच संस्था से टीबी, एनसीडी और डायबिटीज पर फेलोशिप भी मिला है
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >