नीरज कुमार बने रांची के डिप्टी मेयर, महापौर रोशनी खलखो ने लिया शपथ

Ranchi Deputy Mayor: रांची में डिप्टी मेयर चुनाव में नीरज कुमार ने परमजीत सिंह बिट्टू को हराकर जीत दर्ज की. शपथ ग्रहण समारोह में मेयर रोशनी खलखो समेत 53 पार्षदों ने शपथ ली. सुरक्षा के मद्देनजर समाहरणालय परिसर में निषेधाज्ञा लागू रही और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

रांची से अभिषेक आनंद की रिपोर्ट

Ranchi Deputy Mayor: झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को हुए डिप्टी मेयर चुनाव में भाजपा समर्थित वार्ड पार्षद नीरज कुमार ने शानदार जीत दर्ज की. उन्होंने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी परमजीत सिंह बिट्टू को 23 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया. नीरज कुमार को कुल 38 वोट मिले, जबकि परमजीत सिंह बिट्टू को केवल 15 वोट ही प्राप्त हो सके. इस जीत के साथ नीरज कुमार रांची नगर निगम के नए डिप्टी मेयर बन गए.

शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन

इससे पहले रांची समाहरणालय में नगर निगम के महापौर, वार्ड पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. समारोह में मेयर रोशनी खलखो समेत कुल 53 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. इसके साथ ही बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों ने भी शपथ ली.

शपथ के बाद हुआ चुनाव

शपथ ग्रहण के बाद समाहरणालय के ब्लॉक ए में डिप्टी मेयर और बुंडू नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई. चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और नतीजों की घोषणा के बाद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला.

सुरक्षा के लिए लागू हुई निषेधाज्ञा

समारोह के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की. सदर एसडीओ द्वारा समाहरणालय परिसर में निषेधाज्ञा लागू की गई, जिसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई. इसके अलावा, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर परिसर में प्रवेश, धरना, प्रदर्शन, जुलूस या आमसभा पर भी प्रतिबंध लगाया गया.

इसे भी पढ़ें: साहिबगंज में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार, बरहरवा के आपूर्ति पदाधिकारी 40 हजार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

निर्धारित समय तक प्रभावी रहा आदेश

प्रशासन द्वारा जारी यह निषेधाज्ञा गुरुवार सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रही. इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका.

इसे भी पढ़ें: पलामू के हरिहरगंज नगर पंचायत में शपथ ग्रहण, अध्यक्ष और 16 वार्ड पार्षदों ने संभाली जिम्मेदारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >