Ranchi Crime News, रांची: रांची की अदालत ने दुष्कर्म (रेप) के दो अलग-अलग मामलों में सख्त फैसला सुनाते हुए दोषियों को 10-10 साल के सश्रम कारावास (सख्त जेल) की सजा सुनाई है. इसके साथ ही अदालत ने दोनों ही मामलों में अभियुक्तों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है.
नर्सिंग छात्रा का शारीरिक शोषण करने वाले बस खलासी को 10 साल की सजा
अपर न्यायायुक्त अमित शेखर की अदालत ने महादेवी बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में जीएनएम (GNM) की छात्रा से दुष्कर्म करने के मामले में अभियुक्त राहुल कुमार उर्फ राहुल यादव को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई. अदालत ने उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया, जिसे न देने पर उसे एक साल का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा. यह मामला रांची के लोअर बाजार थाने से जुड़ा है. पीड़िता नर्सिंग संस्थान में पढ़ाई करती थी, जबकि आरोपी राहुल यादव उसी संस्थान की बस में सहायक चालक (खलासी) के तौर पर काम करता था. आरोपी पर पीड़िता का शारीरिक शोषण करने और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर ब्लैकमेल करने का आरोप सिद्ध हुआ. सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी सिद्धार्थ सिंह ने अदालत के समक्ष ठोस साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत किए.
ये भी पढ़ें: रांची में जेवर चोरी का मुख्य आरोपी थाना से फरार, बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़कर भागा
बहू से दुष्कर्म करने वाले चचेरे ससुर को 10 साल सश्रम जेल
दुष्कर्म से जुड़े दूसरे मामले में अपर न्यायायुक्त अरविंद कुमार नंबर-2 की अदालत ने अभियुक्त एतवा केरकेट्टा को 10 साल के सश्रम जेल की सजा सुनाई है. उस पर भी 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जुर्माना न भरने पर 6 माह की अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतनी होगी. यह मामला मांडर थाना कांड संख्या 101/21 से संबंधित है. पीड़िता ने रिश्ते में अपने चचेरे ससुर एतवा केरकेट्टा के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामले में अपर लोक अभियोजक दीपक कुमार सांगा ने पैरवी की. अदालत ने धारा 376 के तहत अभियुक्त को दोषी माना. अभियोजन पक्ष की ओर से पीड़िता के पति, पड़ोसी, डॉक्टर, जांच अधिकारी (I.O.) समेत कुल 7 गवाहों की गवाही कराई गई, जिसके आधार पर कोर्ट ने सजा सुनाई.
ये भी पढ़ें: JPSC नियुक्ति घोटाला: OMR गड़बड़ी के बाद रद्द हो सकती है परीक्षा, सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए एल खियांग्ते
