रांची: श्री शिव मंदिर महावीर मंदिर न्यास समिति की ओर से राजेंद्र चौक के समीप स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में शुक्रवार को श्री राम भरत मिलाप समिति के सहयोग से श्री राधाकृष्ण बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा. प्रतियोगिता शाम सात बजे से मंदिर प्रांगण में होगी.
प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग के बच्चे हिस्सा ले सकेंगे. इसमें 0 से 3 वर्ष, 4 से 7 वर्ष और 8 से 12 वर्ष के बच्चे शामिल होंगे. बच्चों को श्री राधाकृष्ण के बाल रूप में सजाया जायेगा.
समिति के अध्यक्ष रोहित शारदा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर बच्चों और अभिभावकों में उत्साह है. आयोजन का उद्देश्य बच्चों को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है.
श्री शिव मंदिर महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव हरिप्रसाद विजयवर्गीय ने बताया कि मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है. बंगाल से आये कारीगरों द्वारा फूल, मोती, मेथी दाना और अन्य इको फ्रेंडली सामग्री से मंदिर की आकर्षक सजावट की गयी है.
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक माहौल रहेगा. रात 12 बजे भगवान के जन्मोत्सव का आयोजन किया जायेगा. इसके साथ ही मंदिर में पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे.
यह भी पढ़ें: पढ़ाई में पैसे की कमी नहीं बनेगी बाधा, ITI कौशल कॉलेज के छात्रों को मिला Education Loan
