एचडीएफसी बैंक के एटीएम से गुरुवार की शाम को निकासी के दौरान ग्राहकों को कम राशि मिलने और खाता से पूरी राशि कटने का मैसेज आने पर खाताधारियों ने विरोध जताया.
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
खाता से पूरी राशि के कटने का मैसेज आया
प्रतिनिधि, चान्हो.
थाना क्षेत्र में बीजुपाड़ा चौक के निकट स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से गुरुवार की शाम को निकासी के दौरान ग्राहकों को कम राशि मिलने और खाता से पूरी राशि कटने का मैसेज आने पर खाताधारियों ने विरोध जताया. बताया गया कि शाम करीब पांच बजे चान्हो के चोरया निवासी परवेज हसन उक्त एटीएम में 10 हजार रुपये निकालने गये. मशीन से उन्हें मात्र 7 हजार 600 रुपये ही मिले. जबकि मोबाइल पर उनके खाता से 10 हजार रुपये की निकासी का संदेश आ गया. इसी तरह लोहरदगा निवासी रामवृक्ष उरांव ने 1,000 रुपये निकाले, पर एटीएम से केवल 400 रुपये ही निकले और उनके खाते से भी एक हजार रुपये निकालने का मैसेज आ गया. इसी बीच एटीएम में पैसा डालने के लिए कैश वैन वहां पहुंची. मामले को लेकर पीड़ितों के साथ ग्रामीणों का भी गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों का कहना था कि इस एटीएम में कम पैसा निकलने की आम शिकायत है. ग्रामीण कैश वैन लेकर आये कर्मियों को घेरकर भुक्तभोगियों का पैसा वापस करने की मांग करने लगे. सूचना मिलने पर पहुंची चान्हो पुलिस ने स्थिति को संभाला. पुलिस के अनुसार कैश वैन कर्मियों की ओर से ग्राहकों को 24 घंटे के अंदर बाकी की राशि वापस कराने का आश्वासन दिया गया है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।