Ramgarh News: हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने गुरुवार को अपने दौरे के दौरान बरकाकाना रेलवे क्षेत्र में प्रस्तावित मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स और कोच डिपो के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान सांसद के साथ धनबाद मंडल के सीनियर डीसीएम मनीष सौरव, सीनियर डीइएन-3 सोनू कुमार, डिप्टी सीपीएम (जीएस) मनीष कुमार, डीटीएम राजहंस कुमार सिंह, एडीइएन राजेश कुमार और एइइ (ओपी) राजकुमार पांडेय समेत कई रेलवे अधिकारी मौजूद रहे.
प्रस्तावित परियोजनाओं का लिया जायजा
सांसद ने रेलवे अधिकारियों के साथ प्रस्तावित कोच डिपो और मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स के लिए चिन्हित क्षेत्र का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने उन्हें परियोजनाओं से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी. साथ ही निर्माण प्रक्रिया और आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई. निरीक्षण के दौरान रेलवे परिसर के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ.
बरकाकाना रेलवे का महत्वपूर्ण केंद्र: सांसद
मनीष जायसवाल ने कहा कि बरकाकाना रेलवे की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होने से पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सकती है. उन्होंने कहा कि कोच डिपो और मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाएं न केवल यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाएंगी, बल्कि रोजगार और स्थानीय व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बरकाकाना की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समन्वित तरीके से काम किया जाए, ताकि परियोजनाओं को जल्द आगे बढ़ाया जा सके.
प्रक्रिया में तेजी लाने पर दिया जोर
सांसद ने रेलवे अधिकारियों से परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी लाने का आग्रह किया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में रेलवे से संबंधित विकास योजनाओं को गति देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे. रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस संयुक्त निरीक्षण से स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी है कि लंबे समय से प्रस्तावित कोच डिपो और मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स की योजना जल्द स्वीकृति और निर्माण के अगले चरण में पहुंच सकती है.
इसे भी पढ़ें: साहिबगंज में फ्लोराइड और आर्सेनिक मुक्त वाटर सप्लाई कब होगी शुरू, हाईकोर्ट ने सरकार से पूछा सवाल
कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, वरीय नेता रंजीत पांडेय, नूतन महतो, पीके गांगुली, अमरजीत तिर्की और एएन प्रजापति सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. स्थानीय लोगों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि बरकाकाना की इन महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं पर आगे कितनी तेजी से काम शुरू होता है.
इसे भी पढ़ें: चंदा प्रकरण की निष्पक्ष जांच और MMDR संशोधन के खिलाफ रांची में कांग्रेस का धरना
