रांची. दुर्गोत्सव के सफल आयोजन के बाद रांची नगर निगम महापर्व छठ की तैयारी में जुट गया है. शनिवार से निगम ने राजधानी के जलाशयों की सफाई का अभियान शुरू किया. इस क्रम में कांके डैम, हटिया डैम, बड़ा तालाब, लाइन टैंक तालाब, बनस तालाब, जगन्नाथपुर तालाब सहित अन्य तालाबों में विसर्जित प्रतिमाओं के अवशेष और आभूषण निकाले गये. प्रशासक सुशांत गौरव के आदेश पर तालाबों के सफाई का यह अभियान अब छठ तक जारी रहेगा. इधर, नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि आनेवाले दिनों में काली पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं. ऐसे में घरों से जो भी पूजन सामग्री आदि निकलेगी, उसके लिए सभी जलाशयों में विसर्जन कुंड बनाये गये हैं. सभी श्रद्धालु घर से निकली पूजन सामग्री और फूल-पत्तों के अवशेष को कुंड में ही विसर्जित करें.
पहुंच पथों को दुरुस्त करने और नालों में ढकने का आदेश
छठ के दौरान हजारों श्रद्धालु छठ घाटों में उमड़ते हैं. इसे देखते हुए सभी छठ घाटों के पहुंच पथों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. वहीं, जहां भी नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है, वहां नालियों की सफाई का आदेश दिया गया है. इसके आलावा छठ घाटों के आसपास खुले नालों को स्लैब लगाकर ढंकने का आदेश दिया गया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
