पुलिस ने रांची-मुरी मार्ग में सब्जी दुकानों को हटाया
प्रतिनिधि, अनगड़ा.
रांची-मुरी मुख्य मार्ग में गोंदलीपोखर बाजार में यातायात को सुगम बनाने और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने पहल की है. पुलिस प्रशासन ने बीच सड़क पर लगायी जा रही सब्जी की दुकानों को हटा कर सड़क को जाममुक्त कराया है. थाना प्रभारी गौतम रजवार के नेतृत्व में दल-बल के साथ कार्रवाई की गयी. गौरतलब हो कि गोंदलीपोखर बाजार में कई सब्जी विक्रेता अपनी दुकानें सड़क पर लगाते हैं. इस वजह से न केवल सड़क पर कम जगह बचती थी, बल्कि इस व्यस्त मार्ग में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी. थाना प्रभारी गौतम रजवार ने सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय लोगों को जागरूक किया. कहा कि मुख्य सड़क पर दुकान लगाने से हर समय किसी बड़ी दुर्घटना के होने का अंदेशा बना रहता है. रांची-मुरी एक प्रमुख मार्ग है. जहां भारी और तेज रफ्तार वाहनों का लगातार आवागमन होता है. ऐसे में सड़क पर बैठकर सब्जी बेचना विक्रेताओं और खरीदार दोनों की जान का जोखिम है. पुलिस ने केवल दुकानें हटाने की ही कार्रवाई नहीं की, बल्कि दुकानदारों की रोजी-रोटी का ध्यान रखते हुए उनके लिए सुरक्षित विकल्प भी तैयार किया. थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने सड़क से एक सुरक्षित दूरी पर सब्जी दुकान लगाने के लिए बकायदा जगह चिह्नित की. उन जगहों पर चूना डालकर एक सीमा रेखा बना दी गयी है.सब्जी विक्रेताओं के लिए सुरक्षित जमीन की गयी चिह्नित
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.