रांची: ईद-मिलाद-उन-नबी के मौके पर राजधानी में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. एसएसपी के निर्देश पर मंगलवार को शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने पैदल मार्च के साथ बाइक दस्ते के जरिए फ्लैग मार्च किया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की.
फिरायालाल चौक से डोरंडा तक निकला फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च की शुरुआत फिरायालाल चौक से हुई। पुलिस बल मेन रोड होते हुए डोरंडा तक पहुंचा. इसके अलावा एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, विक्रांत चौक समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्ती की गई. बाइक दस्ते ने मेन रोड से डोरंडा और एकरा मस्जिद थाना क्षेत्र की विभिन्न गलियों में पेट्रोलिंग की. पुलिस ने संभावित जुलूस मार्गों का भी जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें: ईद-मिलाद-उन-नबी पर रांची में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 18 घंटे भारी वाहनों की नो-एंट्री; कई मार्गों पर आवाजाही रहेगी बंद
ड्रोन से भीड़ और संवेदनशील इलाकों पर नजर
त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया जा रहा है. पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रख रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल मिल सके.
फ्लैग मार्च के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. पुलिस ने असामाजिक तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अधिकारियों के साथ रैफ, आइआरबी और पुलिस जवान रहे मौजूद
फ्लैग मार्च में सिटी एसपी, सदर एसडीओ, सिटी डीएसपी और संबंधित थानों के प्रभारी समेत रैफ, आइआरबी और जिला पुलिस के जवान शामिल रहे. संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है.
अफवाहों से दूर रहें, संदिग्ध गतिविधि की दें सूचना
रांची पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि ईद-मिलाद-उन-नबी का त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाएं. किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेशों को आगे बढ़ाने से बचें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें
