रांची. रुक्का शहरी जलापूर्ति योजना की मुख्य राइजिंग पाइपलाइन में आयी खराबी की मरम्मत होने के बाद भी राजधानी के बड़े हिस्से में पेयजल संकट गहराया हुआ है. सोमवार को जहां रातू रोड और जिला स्कूल क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल हो सकी, वहीं टाउन लाइन से जुड़े इलाकों में लगातार तीसरे दिन पानी की सप्लाई ठप रही. इसकी वजह से इएमएस, बूटी, कोकर, कांटाटोली, सामलौंग, चुटिया, डंगरा टोली, बहुबाजार, सिरम टोली, कुरैशी मोहल्ला, पत्थलकुदवा सहित कई क्षेत्रों में रहने वाली लगभग दो लाख की आबादी को पानी के लिए तरसना पड़ा. लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों और प्यास बुझाने के लिए बाजार से जार का पानी खरीदना पड़ा.
पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा प्रमंडल द्वारा पाइपलाइन की मरम्मत को लेकर 22 व 23 अगस्त को शटडाउन लिया गया था. देर रात काम पूरा होने के बाद सोमवार सुबह 9:30 बजे से रुक्का में मोटर चलाकर जलमीनार और बूटी ट्रीटमेंट प्लांट में टंकी को भरा गया. इसके बाद 3:30 बजे के करीब रातू रोड और फिर जिला स्कूल परिसर में जलापूर्ति शुरू की गयी.
विभाग के अभियंताओं ने बताया कि रुक्का और बूटी में पानी की टंकी भरने में समय लगने के कारण निर्धारित समय पर पूरे शहर में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि मंगलवार सुबह तक टाउन लाइन से जुड़े सभी प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य रूप से जलापूर्ति शुरू कर दी जायेगी.
