Ranchi news : चार से सात अगस्त तक विधानसभा घेरेंगे पारा शिक्षक, रसोइया भी करेगी प्रदर्शन

पारा शिक्षक व रसोइया ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा की. रसोइयों के आंदोलन से स्कूलों में प्रभावित हो सकता है मध्याह्न भोजन.

रांची.

राज्य के सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक) विधानसभा का घेराव करेंगे. वहीं, स्कूलों में मध्याह्न भोजन बनाने वाली रसोइया भी विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन करेंगी. झारखंड सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा व झारखंड विद्यालय रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा की है.

झारखंड सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के विनोद तिवारी ने बताया कि मोर्चा की मुख्य मांगों में पारा शिक्षकों को समान काम के लिए समान वेतन, राज्य में बर्खास्त 2000 पारा शिक्षकों की सेवा वापसी, अनुकंपा पर नियुक्ति की लंबित प्रक्रिया पूरी करना व सेवानिवृत्ति की उम्र सीमा 65 वर्ष करना शामिल है. विधानसभा का घेराव करने के लिए जिलों के शिक्षक रांची आयेंगे. चार अगस्त को हजारीबाग, रामगढ़, पाकुड़, पलामू, गढ़वा व लातेहार के शिक्षक विधानसभा का घेराव करेंगे. पांच अगस्त को गिरिडीह, खूंटी, लोहरदगा, गोड्डा, दुमका व कोडरमा, छह अगस्त को चतरा, रांची, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां एवं सात अगस्त को गुमला, धनबाद जामताड़ा, देवघर, साहेबगंज व बोकारो के शिक्षक विधानसभा का घेराव करेंगे.

सामूहिक अवकाश पर रहेंगी रसोइया

झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ के अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने बताया कि रसोइयों की मुख्य मांगों में वेतनमान देना, 10 लाख का बीमा करना, इपीएफ व पेंशन का लाभ देना शामिल है. उन्होंने बताया कि अलग-अलग दिन अलग-अलग जिला की रसोइया प्रदर्शन के लिए रांची आयेंगी. जिस जिला की रसोइया धरना-प्रदर्शन के लिए रांची आयेंगी, उस दिन वह सामूहिक अवकाश पर रहेंगी. चार अगस्त को हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, गिरिडीह, बोकारो, कोडरमा एवं धनबाद जिला की रसोइया धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगी. पांच अगस्त को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां, छह अगस्त को रांची, खूंटी, लोहरदगा व लातेहार एवं सात अगस्त को गुमला सिमडेगा, पलामू, गोड्डा, साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा , देवघर एवं गढ़वा जिला की रसोइया धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगी. रसोइयों के सामूहिक अवकाश पर रहने से उस दिन उस जिला के स्कूलों में मध्याह्न भोजन प्रभावित हो सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >