Ranchi Crime: डोरंडा थाना क्षेत्र के धोबी टोला स्थित उर्दू लाइब्रेरी के पास रविवार रात करीब आठ बजे अपराधियों ने ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. गनीमत रही कि फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी. घटना के बाद दो अपराधी वाहन से मौके से फरार हो गए. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा, चुटिया और जगन्नाथपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए हैं. फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. पुलिस ने खोखे जहां-जहां गिरे थे, उन स्थानों को चिह्नित कर घटनास्थल को सील कर दिया. इस दौरान लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई.
पुरानी रंजिश में फायरिंग की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. इस मामले में दोनों ओर से प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी. कुछ दिन पहले एक पक्ष का एक व्यक्ति जेल से बाहर आया था. पुलिस को आशंका है कि फायरिंग की घटना में उसकी भूमिका हो सकती है. पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. फायरिंग की घटना के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वाले अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.
ये भी पढ़ें- अफसरों ने विधायक का पत्र टाला तो होगी कार्रवाई ! राधाकृष्ण किशोर ने सुझाया नया नियम, विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र
अल्ताफ अंसारी हत्याकांड से जुड़ रहे फायरिंग के तार
घटना के बाद मौके पर पहुंचे दरगाह कमेटी के जावेद अहमद ने बताया कि परिवार के लोगों के अनुसार अपराधी उन्हें निशाना बनाने के लिए पहुंचे थे. जावेद अहमद और उनकी पत्नी एक साल पहले हुए अल्ताफ अंसारी हत्याकांड के चश्मदीद गवाह हैं. इस मामले में अली, आजमद अहमद और उनके परिवार के कुछ लोग जेल जा चुके हैं. जावेद अहमद ने बताया कि अल्ताफ अंसारी हत्याकांड की सुनवाई के लिए 17 सितंबर को कोर्ट में तारीख निर्धारित है. उनका आरोप है कि गवाही से डराने के लिए अपराधियों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलायी है. उन्होंने प्रशासन से अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा की मांग की है.
6 खोखे मिलने से बढ़ी पुलिस की सक्रियता
छह राउंड फायरिंग और घटनास्थल से छह खोखे बरामद होने के बाद पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है. पुलिस पुरानी रंजिश, जेल से बाहर आए व्यक्ति की संभावित भूमिका और फायरिंग से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
ये भी पढ़ें- जनगणना में अलग कॉलम की मांग पर भड़का पिछड़ा वर्ग, सरकार को आंदोलन की चेतावनी
