Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में मानसून के दौरान बारिश के पानी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी है. रांची के बांधगाड़ी दीपाटोली रोड नंबर-5 में पिछले करीब तीन माह से चल रहा नाला निर्माण कार्य स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब अब भी बना हुआ है. सोमवार को हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी. नाला निर्माण के लिए सड़क किनारे खोदे गये खुले गड्ढों और नालों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे का अंतर ही नजर नहीं आ रहा. इस कारण महिलाएं, बच्चे और राहगीर कई जगहों पर फिसल रहें. खतरा बना हुआ है.
निर्माण कार्य से कीचड़ से बनी फिसलन की स्थिति
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के कारण पहले से ही पूरे इलाके में कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है. दोपहिया वाहनों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है. आज हुए तेज बारिश के बाद स्थिति और भयावह हो गयी. नाला बनने के बाद भी सड़क पर पानी भर गया. पानी में डूबे खुले नालों का पता नहीं चल पा रहा था.लोग किसी तरह पानी के बीच से रास्ता तलाशकर आने-जाने को मजबूर रहे.
तीन महीने से अधूरा पड़ा है काम
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब तीन महीने से नाला निर्माण के लिए सड़क और आसपास के हिस्से को जगह-जगह काटकर छोड़ दिया गया है. निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है. बारिश के दौरान स्थिति और खतरनाक हो जाती है. सोमवार को भारी बारिश के कारण निर्माण कार्य भी नहीं हो सका, जिससे काम में और विलंब होने की आशंका है.
इसे भी पढ़ें: सुदिव्य सोनू को 'गुरुजी' ने लिया था 'गोद', बना दिया 'राजनीति का धुरंधर'
लोगों की मांग- जल्द पूरा हो काम या बने वैकल्पिक रास्ता
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि नाला निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए. जब तक काम पूरा नहीं होता, तब तक खुले नालों और गड्ढों को सुरक्षित किया जाए और लोगों के आने-जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की जाए. लोगों का कहना है कि पिछले तीन महीने से वे नारकीय स्थिति में रहने को मजबूर हैं. बारिश के दिनों में यहां स्थिति और गंभीर हो जाती है. जो अब और भी ज्यादा हो गयी है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में रिटायर शिक्षक पर चलाई गोली, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने धर दबोचा
