Ranchi: सरहुल से एक दिन पहले राजधानी रांची में पानी की व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. नव निर्वाचित मेयर रोशनी खलखो ने इसी क्रम में शुक्रवार को वाटर बोर्ड के अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की. मेयर खलखो ने अधिकारियों को शहर के पाइप लाइन को दुरुस्त करने का निर्देश दिया, साथ ही सरहुल आयोजन स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था करने को कहा. बैठक में वाटर बोर्ड के अधीक्षण अभियंता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. इस दौरान डिप्टी मेयर नीरज कुमार भी मौजूद रहे.
सरहुल से पहले पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
बैठक में मुख्य रूप से शनिवार को मनाए जाने वाले सरहुल पर्व के दौरान सभी आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. रोशनी खलखो ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी वार्ड में पानी की कमी न हो और जरूरत के अनुसार हर क्षेत्र में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए अभी से पुख्ता तैयारी की जाए, ताकि आम लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े.
टूटे पाइपलाइन और टैंकर व्यवस्था पर फोकस
मेयर ने शहर में जगह-जगह टूटे पाइपलाइन को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया. साथ ही पानी सप्लाई में इस्तेमाल होने वाले टैंकरों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और उनमें GPS सिस्टम को दुरुस्त रखने को कहा, ताकि पारदर्शिता के साथ समय पर जलापूर्ति हो सके.
जनता को राहत देने की तैयारी
बैठक में यह भी तय किया गया कि जलापूर्ति से जुड़ी सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. इस बैठक में वाटर बोर्ड के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे. रांची में 21 मार्च को सरहुल का जुलूस निकलेगा.
ये भी पढ़ें…
धनबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, युवक की गला रेतकर हत्या
गैस किल्लत पर गुमला में फूटा गुस्सा, आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम
