रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट
National Stakeholders Consultation 2026, रांची : दो दिवसीय 'नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन 2026' के भव्य समापन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के विकास को लेकर अपनी राय साझा की है. साथ ही राज्य के डेवलपमेंट को लेकर क्या उम्मीदें हैं उन्हें भी जनता के सामने रखा है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि झारखंड आज अपनी पुरानी निर्भरता वाली छवि को पीछे छोड़ते हुए प्रगति का एक नया अध्याय लिख रहा है. उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि इस दो दिवसीय महामंथन के जो भी सकारात्मक परिणाम निकलेंगे, वे बहुत जल्द धरातल पर दिखाई देंगे और राज्य को विकास की एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे.
"घड़े में गिरने वाली एक बूंद की तरह है यह पहल"
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार की कार्यप्रणाली को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से झारखंड के हितों और यहां की साढ़े तीन करोड़ जनता की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर नीतियां बना रही है. इस कंसल्टेशन प्रोग्राम को एक शुरुआत बताते हुए सीएम ने इसे एक शानदार उदाहरण बताया. उन्होंने कहा, "यह पहल घड़े में गिरने वाली एक बूंद की तरह है, जो धीरे-धीरे पूरे घड़े को भर देगी. विकास की प्रक्रिया निरंतर चलने वाली है और हमारे ये छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर राज्य में बड़े बदलाव का मजबूत आधार बनेंगे."
ये भी पढ़ें: रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में बिल्डर के घर में कैसे हुई लाखों की चोरी? एफआईआर में खुलासा
झारखंड को अब मिलेगा उसका हक : CM हेमंत
हेमंत सोरेन ने अतीत और वर्तमान की तुलना करते हुए कहा कि झारखंड एक ऐसा समृद्ध राज्य है, जिसने अपने प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से अब तक पूरे देश का पेट भरा है और देश के विकास में रीढ़ की हड्डी साबित हुआ है. लेकिन यह विडंबना ही रही कि खुद झारखंड और यहां के लोग लंबे समय तक अनेक कठिनाइयों व उपेक्षाओं का सामना करते रहे. सीएम ने दो टूक कहा कि अब वह समय आ गया है जब राज्य अपने जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों का पूरा लाभ यहां के मूलवासियों, आदिवासियों और युवाओं के विकास व समृद्धि के लिए सुनिश्चित करे. सरकार इसी विजन के साथ उद्योग, निवेश, आधुनिक प्रौद्योगिकी और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ाने की दिशा में बढ़ रही है.
युवाओं और किसानों की तरक्की वाला 'झारखंड मॉडल' है लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का उद्देश्य केवल बड़े-बड़े औद्योगिक निवेश को आकर्षित करना भर नहीं है, बल्कि एक ऐसा टिकाऊ विकास मॉडल (Sustainable Development Model) तैयार करना है जिससे झारखंड के युवाओं, किसानों, छोटे-छोटे उद्यमियों और आम नागरिकों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ मिले. सरकार का अंतिम लक्ष्य झारखंड को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है.
कल्चरल इवेंट और डिनर में शामिल हुए कई देशों के राजनयिक
नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन 2026 के समापन के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम (Cultural Event) और डिनर रिसेप्शन का भी आयोजन किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे कई देशों के राजनयिकों (Diplomats), देश-विदेश के कई वरिष्ठ अधिकारियों, कॉरपोरेट लीडर्स और मीडिया जगत के प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों से मुलाकात की. इस कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध और गौरवशाली संस्कृति, सभ्यता, पारंपरिक व्यंजनों और ऐतिहासिक विरासत की एक अद्भुत प्रस्तुति दी गई, जिसने मेहमानों का दिल जीत लिया. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी मेहमानों का दिल से आभार व्यक्त करते हुए 'जोहार' किया.
ये भी पढ़ें: राम मंदिर मामले में मंत्री इरफान अंसारी का बीजेपी पर हमला, बोले- कथित घोटाले की हो जांच
