सुनील झा की रिपोर्ट
रांचीः राज्य के सरकारी स्कूलों में अब राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत तीन दिवसीय आयोजन 27 अगस्त से शुरू होगा. झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से इस संबंध में सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है. 28 अगस्त को रक्षाबंधन का अवकाश होने के कारण आयोजन की तिथि में बदलाव किया गया है.
27 अगस्त को होंगी 28 अगस्त की गतिविधियां
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 28 अगस्त को प्रस्तावित गतिविधियों का आयोजन अब 27 अगस्त को ही किया जायेगा. वहीं 29 और 30 अगस्त को होने वाली गतिविधियां पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी. 30 अगस्त को रविवार होने के बावजूद विद्यालय सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुले रहेंगे.
ये भी पढ़ें- पले शादी का झांसा देकर शोषण, फिर इंस्टाग्राम पर तस्वीर डालकर बदनाम किया; युवक गिरफ्तार
'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' थीम पर होगा आयोजन
राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से सभी जिलों को दिशा-निर्देश भेजे गये हैं. केंद्र सरकार के निर्देश के अनुरूप 'खेलेगा भारत, जीतेगा भारत' विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस अभियान में सरकारी विद्यालयों के साथ सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय भी शामिल होंगे. विद्यालयों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा.
खेल सामग्री और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था जरूरी
आयोजन के दौरान विद्यालयों में पर्याप्त खेल सामग्री, प्राथमिक उपचार और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सौंपा खेल विकास का डीपीआर
