सिल्ली: मुरी से गोला तक जाने वाली सड़क लगातार बारिश के बाद बदहाल हो गयी है. पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. पानी भरने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और आए दिन बाइक सवार व राहगीर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. बड़े और छोटे वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है. शेख भिखारी चौक से सिंगपुर चौक तक तथा उड़ंगढ़ा नदी पुल के समीप स्थिति सबसे अधिक खराब है.
एजेंसी की लापरवाही से बढ़ी परेशानी
मुरी से गोला तक सड़क का फोरलेनिंग कार्य चल रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी सुविधानुसार सड़क निर्माण करा रही है, लेकिन आवागमन की सुविधा का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है. नियमानुसार निर्माण कार्य के दौरान कम से कम एक ओर सड़क को मोटरेबल रखना चाहिए, ताकि यातायात बाधित न हो. इसके बावजूद गड्ढों के आसपास चेतावनी या कॉशन साइन नहीं लगाए गए हैं. इससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.
स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी
इस सड़क से सिंगपुर नर्सिंग होम, मातृछाया अस्पताल, डीएवी स्कूल, आरटीसी स्कूल, संत माइकल स्कूल और नेचर हार्ट स्कूल समेत कई संस्थानों में आने-जाने वाले लोग गुजरते हैं. विद्यार्थी, अभिभावक और मरीज ऑटो, बाइक या पैदल इस रास्ते से आने-जाने को मजबूर हैं. लोगों ने निर्माण एजेंसी से सड़क के गड्ढों को तत्काल दुरुस्त कराने, जलजमाव की समस्या दूर करने और आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है.
