रांची.
जगन्नाथपुर मंदिर के आसपास में हो रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए रविवार को रांची नगर निगम द्वारा जगन्नाथपुर मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से बने दो दर्जन से अधिक दुकानों को तोड़कर बांस-बल्ली व तिरपाल जब्त कर लिया गया. वहीं 20 से अधिक ऐसी दुकानें जिन्होंने अपने छज्जे को सड़क पर निकाला था, उनके छज्जे को जेसीबी से तोड़ दिया गया. अभियान के दौरान सड़क पर लगायी गयी चार गुमटी को भी जब्त कर लिया गया.स्थानीय दुकानदार उतरे विरोध में
निगम की इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय दुकानदार सड़कों पर उतर आये. इनका कहना था कि इस सड़क पर जाम जैसी भी कोई समस्या नहीं है. इसके बाद भी यहां अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाना समझ से परे है. दुकानदारों का यह भी कहना था कि वे छोटी- मोटी दुकानें लगाकर रोजी-रोटी कमा रहे हैं. ऐसे में यहां आकर तोड़फोड़ करना कहीं से भी उचित नहीं है. दुकानदारों के इस विरोध पर निगम की टीम ने कहा कि दुकान सड़क के किनारे रहे, तो किसी को कोई परेशानी नहीं है. लेकिन अगर इसे सड़क से सटाकर लगाया जायेगा, तो वैसी दुकानों को तोड़ा जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
