ज्यादा से ज्यादा छात्रों को गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से जोड़े, CM हेमंत सोरेन का निर्देश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के विस्तार पर जोर दिया है. आर्थिक बाधाओं को दूर करते हुए अधिक से अधिक योग्य छात्रों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है. योजना के तहत अब तक 64 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत हो चुका है.

सुनील चौधरी

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, रोजगारोन्मुख और वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने का रोडमैप तय करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड स्कीम का लाभ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाए. उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी छात्र-छात्रा की उच्च शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए. इसके लिए कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर योजना का दायरा बढ़ाया जाए. सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को 'माइनिंग से माइंड' की ओर ले जाने में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी. बैठक में विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद थे.

अब तक 64 करोड़ रुपये का लोन हुआ है पास

बैठक में बताया गया कि गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत अब तक 2,888 पात्र विद्यार्थियों को ऋण स्वीकृत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है. इनमें 243 छात्र-छात्राओं को विभिन्न बैंकों के माध्यम से 64 करोड़ रुपये का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है. इस योजना में बैंक को राज्य सरकार पूरी गारंटी दे रही है. मुख्यमंत्री ने दुमका फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ देने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना, मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना समेत सभी छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी कल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सरकार की प्राथमिकता है.


15 दिनों में झारखंड विश्वविद्यालय सेवा आयोग को करें सक्रिय

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर झारखंड विश्वविद्यालय सेवा आयोग को पूरी तरह कार्यरत किया जाए. साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विश्वविद्यालयों में लाइव ऑनलाइन क्लास शुरू करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा. अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय और बीबीएमके धनबाद से इसकी शुरुआत की जाएगी.

कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी भी होगी सक्रिय

बैठक में मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा और रोजगारपरक कोचिंग संस्थानों की निगरानी के लिए गठित कोचिंग रेगुलेटरी अथॉरिटी को भी 15 दिनों के भीतर पूर्ण रूप से सक्रिय करने का निर्देश दिया.

बीआईटी सिंदरी को मिलेगा यूनिवर्सिटी का दर्जा

मुख्यमंत्री ने बीआईटी सिंदरी को यूनिटरी यूनिवर्सिटी के रूप में अपग्रेड करने पर सहमति देते हुए जल्द विधेयक तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने बीआईटी सिंदरी का संपूर्ण डिजिटल प्रेजेंटेशन तैयार करने और तकनीकी शिक्षा में इसे उत्कृष्ट संस्थान के रूप में विकसित करने की बात कही.

नौ जिलों में बनेंगे तकनीकी शिक्षा क्लस्टर

राज्य में तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने के लिए पलामू, गिरिडीह, रामगढ़, गुमला, रांची, जमशेदपुर, बोकारो, गोड्डा और साहिबगंज में तकनीकी शिक्षा क्लस्टर विकसित किए जाएंगे. सरकार जल्द इस योजना को मूर्त रूप देगी.

इंजीनियरिंग कॉलेजों में शुरू होंगे नये रोजगारपरक कोर्स

मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों को झारखंड इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के रूप में विकसित करने तथा इंजीनियरिंग कॉलेजों को बीआईटी सिंदरी के मॉडल पर अपग्रेड करने का निर्देश दिया. यहां इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स एंड शिपिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें. इसके अलावा आईआईटी और एनआईटी की तर्ज पर बीआईटी और जेआईटी के संचालन के लिए काउंसिल फॉर इंस्टीट्यूट्स ऑफ एमिनेंस, गवर्निंग काउंसिल, रीजनल क्लस्टर और इंडस्ट्रियल गवर्निंग बॉडी गठित करने का भी निर्देश दिया गया. उच्च शिक्षा के लिए अगले तीन माह में वैकल्पिक वित्तीय स्रोतों की पहचान करने को भी कहा गया.

विश्वविद्यालयों में बनेंगे सीबीटी सेंटर

बैठक में राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में पीपीपी मॉडल पर कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) सेंटर स्थापित करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी. वहीं विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों की स्वीकृति, छात्रावासों की स्थिति की समीक्षा और उनके बेहतर प्रबंधन के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया.

तकनीकी शिक्षा विभाग के अधीन होगा जुपमी

बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड अर्बन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (जुपमी) का संचालन अब उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग करेगा. यहां बैचलर ऑफ प्लानिंग, मास्टर ऑफ प्लानिंग और एमबीए इन इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट जैसे नए कोर्स शुरू किए जाएंगे.

पहली बार होगा झारखंड रोबोटिक्स फेस्टिवल

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए पहली बार झारखंड रोबोटिक्स फेस्टिवल की शुरुआत की गई है. बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभागीय सचिव राहुल कुमार पुरवार, अपर सचिव अंजलि यादव, राजकुमार गुप्ता, उच्च शिक्षा निदेशक सुधीर बाड़ा, तकनीकी शिक्षा निदेशक जार्ज कुमार, उपनिदेशक डॉ. विभा पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amleshnandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >