मोदी सरकार-2 की उपलब्धियां राज्य के 35 लाख घरों तक पहुंचायेंगे भाजपा नेता

नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की उपलब्धियों और काेरोना जंग के खिलाफ जागरुकता अभियान की शुरुआत प्रदेश भाजपा ने बुधवार से की. राज्य के सभी 513 मंडलों में यह अभियान चलाया जायेगा.

रांची : नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की उपलब्धियों और काेरोना जंग के खिलाफ जागरुकता अभियान की शुरुआत प्रदेश भाजपा ने बुधवार से की. राज्य के सभी 513 मंडलों में यह अभियान चलाया जायेगा. अभियान के तहत राज्य में 35 लाख घरों तक नरेंद्र मोदी सरकार-2 की उपलब्धियों और काेरोना से लड़ने का संकल्प पत्र पहुंचाया जायेगा. बुधवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के सांसद-विधायक व पदाधिकारी जनसंपर्क अभियान में उतरे.

राज्यभर में सांसद, विधायक और पदाधिकारियों ने मंडल स्तर पर जनसंपर्क किया. प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार-2 के प्रथम स्वर्णिम वर्ष ने राष्ट्र की एकात्मकता को मजबूत किया. प्रदेश अध्यक्ष ने हरमू मंडल में व्यक्तिगत अभियान चलाया.

मोदी सरकार-2 ने नामुमकिन को मुमकिन करके दिखाया : हिंदपीढ़ी मंडल से कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार-2 ने नामुमकिन को मुमकिन करके दिखाया है. मोदी जी के नेतृत्व में एक तरफ गांव, गरीब व किसान मजबूत हुए हैं. कल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों गरीबों के खाते में सीधा पहुंच रहा है, देश में बुनियादी सुविधाएं तेजी से विकसित हुई हैं.

सुखदेवनगर मंडल में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोरोना संकट में गरीबों, जरूरतमंदों की सेवा में मिसाल कायम की है. राजधानी के अलग-अलग मंडल में सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा सहित कई कार्यकर्ताओं ने अभियान चलाया.

मोदी सरकार-2 में हुए साहसिक निर्णय : रघुवर

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने धुर्वा मंडल से कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि मोदी सरकार-2 का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है. सदियों के लटके मामले में साहसिक निर्णय लिये. कोरोना संकट में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले को दुनिया सराह रही है.

उपलब्धियों से भरा रहा है नरेंद्र मोदी सरकार-2 का पहला साल : दीपक प्रकाश

भाजपा की ओर से संपर्क अभियान का शुभारंभ करते हुए झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि स्वावलंबन की दिशा में आत्मनिर्भर भारत निर्माण के लिये लोकल के लिये वोकल होकर इसे ग्लोबल बनाना है. मोदी सरकार-2 का पहला साल उपलब्धियों से भरा रहा है. धारा 370 हटाना, राम मंदिर बनाने, तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर विराम लगाने जैसे कई एेतिहासिक फैसले लिये गये.

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पौधरोपण भी किया. इस दौरान महानगर महामंत्री केके गुप्ता, मंडल अध्यक्ष गोपाल सोनी, डॉ सूर्यमणी सिंह, डॉ समर सिंह, वरुण साहू, वार्ड पार्षद अरुण झा, विनोद सिंह व अन्य थे.

Posted by : Pritish Sahay

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >