रांची. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से आयोजित मैट्रिक व इंटर की संपूरक परीक्षा समेत कक्षा आठवीं, नौवीं व 11वीं की विशेष परीक्षा का रिजल्ट अगले माह जारी किया जायेगा. सभी परीक्षाओं को मिलाकर करीब 30 हजार विद्यार्थी शामिल हुए थे. रिजल्ट जारी होने के बाद विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलेगा.
असफल विद्यार्थियों को मिला दूसरा मौका
मैट्रिक और इंटर की मुख्य परीक्षा में किसी विषय में असफल विद्यार्थियों को संपूरक परीक्षा के माध्यम से दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलता है. सफल होने पर उन्हें पूरी परीक्षा दोबारा नहीं देनी होगी. इससे उनका एक शैक्षणिक वर्ष बच सकता है.
मैट्रिक-इंटर के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
मैट्रिक में सफल विद्यार्थी इंटरमीडिएट समेत अन्य पाठ्यक्रमों में नामांकन ले सकेंगे. वहीं इंटर की संपूरक परीक्षा में सफल विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.
अंक सुधारने वालों के लिए भी अहम रिजल्ट
इंप्रूवमेंट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए भी रिजल्ट महत्वपूर्ण है. प्राप्तांक में सुधार होने पर उन्हें नये अंक के आधार पर आगे की पढ़ाई में लाभ मिल सकता है. बेहतर अंक से पाठ्यक्रम और संस्थान के चयन के विकल्प भी बढ़ सकते हैं.
मुख्य परीक्षा से वंचित विद्यार्थियों को भी मौका
मैट्रिक और इंटर की विशेष परीक्षा में मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाने वाले विद्यार्थियों को मौका दिया गया था. रिजल्ट जारी होने के बाद इन विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति स्पष्ट होगी और वे आगे की पढ़ाई की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.
नौवीं और 11वीं के विद्यार्थी भी शामिल
जैक ने इस वर्ष कक्षा नौवीं और 11वीं की भी विशेष परीक्षा आयोजित की थी. इन कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी रिजल्ट का इंतजार है. परिणाम जारी होने के बाद उन्हें अगली कक्षा की पढ़ाई जारी रखने में सुविधा मिलेगी.
