मंईयां सम्मान योजना : रांची की 3.66 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 275 करोड़ रुपये

रांची जिले की 3.66 लाख से अधिक महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिला है. अप्रैल से जून 2026 तक की सम्मान राशि एकमुश्त उनके बैंक खातों में 275 करोड़ रुपये से अधिक हस्तांतरित की गई है. यह राशि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

Maiya Samman Yojana: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को राहत मिली है. जिला प्रशासन ने अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि का एकमुश्त भुगतान लाभुकों के बैंक खातों में कर दिया है. आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जिले की 3 लाख 66 हजार 664 महिला लाभुकों के खातों में प्रत्येक को 7,500 रुपये की दर से कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं.

जिले के अधिकांश प्रखंडों में पहुंची सम्मान राशि 

जिला प्रशासन के अनुसार योजना का लाभ जिले के लगभग सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं तक पहुंच चुका है. लाभुकों की संख्या के लिहाज से कांके प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 31,094 महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजी गई. इसके बाद टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,006, मांडर में 22,885, सिल्ली में 21,031, बेड़ो में 20,519, चान्हो में 19,299, रातू में 18,500, तमाड़ में 18,411 और ओरमांझी में 17,824 महिलाओं को योजना का लाभ मिला. इसके अलावा, नामकुम, नगड़ी, बुढ़मू, अनगड़ा, सोनाहातू, अरगोड़ा, हेहल, खलारी, लापुंग, राहे और अन्य क्षेत्रों में भी हजारों लाभुकों के खातों में राशि पहुंची है.

">

प्रक्रियाधीन क्षेत्रों में जल्द पहुंचेगी राशि 

हालांकि बड़गाईं अंचल और इटकी प्रखंड के पात्र लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही शेष महिलाओं के खातों में भी राशि भेज दी जाएगी.

लंबित भुगतान जल्द पूरा करने के निर्देश 

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. इससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में भुगतान लंबित है, वहां सभी पात्र लाभुकों को शीघ्र योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए.

ये भी पढ़ें: कसमार के गणेश ने खुद के श्रमदान से खोद दिया कुआं, डीसी ने दिया सोलर पंप लगाने निर्देश

ये भी पढ़ें: शराब घोटाला मामले में ED ऑफिस पहुंचे झारखंड के पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक वर्ष से प्रभात खबर में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >