बेड़ो. थाना क्षेत्र के मधुपुर अखड़ा में बरटोली गांव निवासी रविंद्र मुंडा की गोली मार कर हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विकास मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किये हैं. ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करना चाहता था. इसी दौरान रविंद्र मुंडा ने उसे ऐसा करने से रोका. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और गुस्से में विकास मुंडा ने रविंद्र पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य नामजद आरोपी विकास महतो और विजय मुंडा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विकास मुंडा के खिलाफ वर्ष 2017 में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था. वर्ष 2023 में हत्या के एक मामले में भी उसका नाम सामने आया था. आरोपी की गिरफ्तारी में बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार, इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी कफील अहमद, उत्तम कुमार पासवान, अनिल टोप्पो, शौकत अली सहित बेड़ो थाना और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
