रांची में मतदाता सूची में नाम जोड़ने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल

मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर जिला स्कूल में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ. एसडीओ ने कहा कि सभी मिल कर चुनाव में अच्छे नंबर से पास होने का प्रयास करें.

रांची. रांची शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को लेकर जिला स्कूल में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान नगर निगम के सफाई मित्र, सफाई पर्यवेक्षक, बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया. अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नेहा अरोड़ा ने कहा कि बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, सफाई कर्मचारी और सुपरवाइजर के लिए यह गर्व की बात है कि आप सभी को चुनाव प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है. रांची जिले में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आखिरी तारीख 25 अप्रैल है. आप सब अधिक से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज करें.

शहरी क्षेत्र के मतदाताओं का अहम रोल रहेगा

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि रांची जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में शहरी क्षेत्र के मतदाताओं का अहम रोल रहेगा. जिले की कुल आबादी का बड़ा हिस्सा शहरी मतदाताओं का है. पिछले कुछ वर्षाें में शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम रहा है.

आपसी समन्वय के साथ करें काम

नगर निगम के प्रशासक अमित कुमार ने सफाई मित्र, सफाई पर्यवेक्षक, बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा. सदर अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत 30 के आसपास रहा है. यह किसी परीक्षा में पासिंग मार्क्स हासिल करने जैसा है. उन्होंने कहा कि सभी के एकजुट प्रयास से हम अच्छे नंबरों से पास होने का प्रयास करें. मौके पर स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >