Ranchi news : रांची एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए जल्द मिलेगी जमीन

शिव मंदिर सहित 127 लोगों के घरों को विस्तारीकरण में हटाया जाना है. एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि बीएलओ व एयरपोर्ट अधिकारी के बीच बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की गयी.

रांची. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची के विस्तारीकरण के लिए जल्द ही एयरपोर्ट प्रबंधन को जमीन मिल जायेगी. इसके लिए जिला प्रशासन ने पहल की है. एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि बीएलओ व एयरपोर्ट अधिकारी के बीच बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की गयी. पिछले कई माह से विस्तारीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण बाधा बना हुआ है. शिव मंदिर सहित 127 लोगों के घरों को विस्तारीकरण में हटाया जाना है. एयरपोर्ट निदेशक आरआर मौर्या ने बताया कि विस्तारीकरण को लेकर राज्य सरकार से एयरपोर्ट प्रबंधन लगातार संपर्क में है. उम्मीद है कि जल्द ही एयरपोर्ट प्रबंधन को जमीन मिल जायेगी. मालूम हो कि विस्तारीकरण के लिए एयरपोर्ट को 301 एकड़ जमीन मिलनी है.

कैट टू लाइटिंग सिस्टम को देवघर भेजा गया

एयरपोर्ट निदेशक ने कहा कि जमीन नहीं मिलने से रनवे पर कैट टू लाइटिंग सिस्टम नहीं लगा. यह अब देवघर एयरपोर्ट में लगाया जायेगा. जमीन मिलने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लगाया जायेगा. उन्होंने कहा कि कैट टू लाइटिंग के लिए काफी दिनों से उपकरण मंगाये गये थे. इसे लंबे समय तक यूं ही रखने से खराब होने की आशंका रहती है. एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्देश के बाद कैट टू लाइटिंग सिस्टम के सभी उपकरण को देवघर भेजा गया है. मालूम हो कि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में कैट टू लाइटिंग सिस्टम लगने से घने कोहरे में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव होती है. वर्तमान में घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न राज्यों से रांची आनेवाले विमान पटना, कोलकाता या रायपुर एयरपोर्ट डायवर्ट किये जाते हैं. यह प्रणाली लैंडिंग सिस्टम का एडवांस वर्जन है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >