जमीन कारोबारी शेखर पीएमएलए कोर्ट में पेश, भेजा गया जेल

जमीन खरीद-फरोख्त गड़बड़ी मामले में हुई है गिरफ्तारी

रांची. जमीन खरीद-फरोख्त गड़बड़ी मामले में गिरफ्तार जमीन कारोबारी शेखर कुशवाहा की कुल 10 दिनों की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद इडी ने मंगलवार को उसे पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश राजीव रंजन की अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार भेज दिया. इडी ने शेखर को तीन बार रिमांड पर लेकर पूछताछ की है. उल्लेखनीय है कि इडी ने जमीन घोटाला मामले में शेखर कुशवाहा को 12 जून को गिरफ्तार किया था. एजेंसी की जांच में यह बात सामने आयी थी कि शेखर कुशवाहा ने अपने सहयोगी प्रियरंजन सहाय, बिपिन सिंह, इरशाद अंसारी, अफसर अली सहित अन्य के साथ मिलकर सरकारी कर्मी भानु प्रताप प्रसाद की मिलीभगत से 1971 का फर्जी डीड बनाया था. वहीं बड़गाईं अंचल के तत्कालीन अंचल राजस्व उपनिरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के साथ मिलकर उसने बरियातू की 4.83 एकड़ की जमीन के रैयत जितुआ भोक्ता का नाम बदल कर समरेंद्र चंद्र घोषाल के नाम की इंट्री कर गैरमजरुआ जमीन को सामान्य खाते की जमीन में बदल दिया था. वहीं 22.61 करोड़ की जमीन को 100 करोड़ से अधिक कीमत में बेचने की तैयारी थी. मामले में इडी ने 22 अप्रैल 2023 और 16 अप्रैल 2024 को शेखर कुशवाहा के ठिकानों पर छापेमारी की थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >