Ranchi News : 16वें वित्त आयोग के समक्ष राज्य के विकास का रखें रोड मैप : मुख्यमंत्री

16वें वित्त आयोग की 11 सदस्यीय टीम के चार दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर यहां तैयारी पूरी कर ली गयी है. इसे लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उच्चस्तरीय बैठक की.

रांची (विशेष संवाददाता). 16वें वित्त आयोग की 11 सदस्यीय टीम के चार दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर यहां तैयारी पूरी कर ली गयी है. इसे लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर व मुख्य सचिव अलका तिवारी सहित अन्य अफसरों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की गयी. इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टीम के दौरे व उसकी तैयारियों से अवगत कराया गया.

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वित्त आयोग की टीम के समक्ष राज्य के विकास का रोडमैप रखें. मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त आयोग के समक्ष राज्य सरकार की सिफारिश ऐसी हो, जिससे सभी वर्ग-समुदाय के लोगों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके. उन्होंने कहा कि राज्य के भीतर शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की रफ्तार तेज हो, इस उद्देश्य के साथ हमारी सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है. राज्य में कई ऐसे सेक्टर हैं, जिस पर अधिक फोकस रखने की आवश्यकता है. उन्होंने अधिकारियों को वित्त आयोग के समक्ष राज्य सरकार की ओर से कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों को रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

आज देवघर जायेगी टीम : बैठक में अफसरों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 29 मई को 16वें वित्त आयोग की टीम देवघर परिभ्रमण पर रहेगी, जहां बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात प्रमंडल स्तरीय स्थानीय निकाय (अर्बन एवं रुरल बॉडी) प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगी.

रांची में मंत्री व अफसरों संग विभिन्न विषयों पर बैठक कल

वहीं 30 मई को रांची के रेडिशन ब्लू होटल में राज्य सरकार के सभी मंत्रियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक होनी है. इसमें राज्य की वित्तीय स्थिति, प्रबंधन, अनुदान के खर्च का विवरण, केंद्रीय सहायता राशि का उपयोग सहित कई अन्य विषयों पर जानकारी ली जायेगी. सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी जायेगी. राज्य में सिंचाई जल संग्रहण, विद्यार्थियों में क्वालिटी एजुकेशन, आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करना, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा को प्राथमिकता मानते हुए आयोग के समक्ष पीपीटी के माध्यम से रखा जायेगा.

स्थानीय निकायों, चेंबर और राजनीतिक दलों से मिलेगी टीम

30 मई को ही टीम रांची में स्थानीय निकायों, ट्रेड इंडस्ट्री, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात करेगी. इस बैठक में राज्य की वित्तीय स्थिति, आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी. वहीं टीम झारखंड के प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेगी. वित्त आयोग की टीम 31 मई को रांची से दिल्ली के लिए रवाना हो जायेगी. साथ ही टीम को एक ज्ञापन भी सौंपा जायेगा. बैठक में वित्त मंत्री व मुख्य सचिव के साथ ही वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, विशेष सचिव वित्त विभाग बी राजेश्वरी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.

मुख्यमंत्री आज जायेंगे उत्तराखंड, केदारनाथ का करेंगे दर्शन

रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को यहां से उत्तराखंड के लिए रवाना हो जायेंगे. वह परिवार के साथ चार दिनों की निजी यात्रा पर जा रहे हैं. दिन के 11 बजे रांची एयरपोर्ट से उनका विमान देहरादून जायेगा. वहां से वह सपरिवार केदारनाथ जायेंगे. वहां पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद वहां के पर्यटक स्थलों का भ्रमण करेंगे. मुख्यमंत्री के रांची लौटने का कार्यक्रम एक जून को है. उत्तराखंड जाने की वजह वह वित्त आयोग की बैठक में भाग नहीं ले सकेंगे. उन्हें 30 मई को वित्त आयोग की बैठक में हिस्सा लेना था. साथ ही बैठक को संबोधित भी करना था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP JAISWAL

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >