रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट
JSSC Updates, रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने ‘झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा–2025’ को लेकर एक बड़ा जारी किया है. आयोग ने परीक्षा में शामिल हुए सभी अभ्यर्थियों की रिस्पॉन्स शीट (उत्तर पत्रक) और प्रोविजनल आंसर-की (औपबंधिक उत्तर कुंजी) अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. इसके साथ ही गलत उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का लिंक भी एक्टिवेट कर दिया गया है.
7 जुलाई की रात तक ही मौका
आयोग के एग्जाम कंट्रोलर द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी को आंसर-की के किसी भी प्रश्न या उत्तर पर कोई संदेह या आपत्ति है, तो वे आगामी 7 जुलाई की मध्यरात्रि (रात 12 बजे) तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए अभ्यर्थियों को जेएसएससी की वेबसाइट पर जाकर अपने रोल नंबर (अनुक्रमांक) और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करना होगा. आयोग ने साफ कर दिया है कि 7 जुलाई की डेडलाइन खत्म होने के बाद किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा. इसके अलावा, आपत्ति केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार की जाएगी. डाक, ईमेल या हाथो-हाथ दिए गए किसी भी आवेदन को सीधे खारिज कर दिया जाएगा.
Also Read: चितरपुर में चल रहा था सरसों तेल की रिपैकेजिंग का खेल, तभी दुकान पर पड़ गया छापा
3,451 पदों पर होनी है सीधी बहाली
आपको बता दें कि इस परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में 22 जून से लेकर 25 जून तक राज्य के विभिन्न केंद्रों पर किया गया था. इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के जरिए झारखंड के प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्कूलों में कुल 3,451 विशेष शिक्षा शिक्षकों (स्पेशल एजुकेटर) की सीधी नियुक्ति की जानी है. आयोग ने सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे आगे की प्रक्रियाओं और नए अपडेट्स के लिए नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें.
Also Read: धनबाद स्टेशन रोड मजार में कमिटी को लेकर बवाल, नई-पुरानी कमिटी आमने-सामने; जमकर हुआ हंगामा
