रांची से राणा प्रताप सिंह की रिपोर्ट
रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा-2015 (विज्ञापन संख्या-04/2015) के तहत सूचीबद्ध 451 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच 20 अगस्त से शुरू करने का निर्णय लिया है. जांच 21 अगस्त को भी होगी. इस संबंध में आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से आवश्यक सूचना जारी की गयी है.
जैप-1 डोरंडा में होगी शारीरिक दक्षता जांच
सूचना के अनुसार शारीरिक दक्षता जांच सुबह 7 बजे से झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप)-1, डोरंडा, रांची में राज्य अंतर्गत चयन पर्षद के माध्यम से होगी. सूचीबद्ध अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा का एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और वर्तमान में खींची गयी दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित स्थल पर समय पर उपस्थित होना होगा.
मुख्य परीक्षा का प्रवेश पत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में अभ्यर्थी अपनी पहचान और अभ्यर्थितता के समर्थन में शपथ पत्र की मूल प्रति शारीरिक दक्षता जांच के दौरान प्रस्तुत कर सकेंगे. निर्धारित तिथि पर शारीरिक दक्षता जांच में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के दावे पर विचार नहीं किया जायेगा.
सफल अभ्यर्थियों का बाद में होगा मेडिकल
शारीरिक दक्षता जांच में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण बाद में किया जायेगा. इसकी सूचना अलग से प्रकाशित की जायेगी.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जारी हुई थी सूची
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में जेएसएससी ने तीन जुलाई को 451 अभ्यर्थियों की सूची जारी की थी. आयोग ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की समीक्षा के आधार पर शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 451 अभ्यर्थियों का चयन किया. इन्हें लिखित परीक्षा में सफल पाया गया.
वहीं जांच में 346 अभ्यर्थी ऐसे पाये गये, जो लिखित परीक्षा में असफल रहे थे. जेएसएससी ने स्पष्ट किया था कि परीक्षा के विज्ञापन में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार लिखित परीक्षा में असफल अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पात्र नहीं हैं.
