रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने सोमवार को लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्रों को मनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. राज्य सरकार ने जेएसएससी सीजीएल (कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल) परीक्षा के साथ-साथ टीडीपीएल (TDPL) एजेंसी द्वारा आयोजित की गई अन्य सभी भर्ती परीक्षाओं को रद्द (Cancel) करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है. प्रोजेक्ट भवन में आयोजित बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद मीडिया से बातचीत करते हुए इसकी आधिकारिक घोषणा की. इधर, जैसे ही परीक्षा रद्द करने का ऐलान हुआ तो रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे सैकड़ों छात्रों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई.
टीडीपीएल द्वारा ली गई सभी परीक्षाएं रद्द
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह भी जानकारी दी कि सिर्फ सीजीएल परीक्षा ही नहीं बल्कि टीडीपीएल एजेंसी द्वारा ली गई सभी परीक्षाएं रद्द होंगी. भले ही उसकी चयन प्रक्रिया पूरी ही क्यों न हो हो गई हो. साथ ही सीजीएल परीक्षा में हुई गड़बड़ी की जांच होंगी. प्रेस वार्ता में सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे युवा अलग-अलग खेमों में बंटे नहीं हैं, वे सभी हमारे राज्य के नौजवान हैं और सरकार हमेशा उनके हितों के साथ खड़ी है. मैं खुद हमेशा छात्र के हित के पक्ष में रहा हूं.
ये भी पढ़ें: JPSC Student Protest: CID की बड़ी कार्रवाई, पूर्व सदस्य अजीता भट्टाचार्य के PA ब्रज कुमार राम गिरफ्तार
पूर्ववर्ती सरकारों पर भी मढ़ा दोष
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों पर भी बात की. उन्होंने कहा कहा कि यदि पूर्व में निर्धारित एसओपी (Standard Operating Procedure) का पूरी सख्ती से पालन किया जाता, तो ऐसी खामियां सामने नहीं आतीं. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए सबसे पहले कड़ा कानून बनाया है और अब परीक्षा प्रक्रिया में कई नए सुधार (Reforms) करने जा रही है ताकि पूरी पारदर्शिता बरती जा सके.
परीक्षा में सुधारों के लिए होगा उच्चस्तरीय कमेटी का गठन
सीएम हेमंत सोरेन ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए अपना प्लान भी बताया. उन्होंने कहा कि जेएसएससी और जेपीएसएसी में सुधार के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अमिताभ कौशल के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा. ये कमेटी प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और आवश्यक परीक्षा सुधारों (Exam Reforms) के लिए अपनी सिफारिशें और दिशा-निर्देश तैयार करेगी. मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि उनकी सरकार युवाओं के भविष्य के खिलवाड़ को रोकने और उनके भरोसे को कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द हुई तो चली जाएगी नौकरी? 2 हजार कर्मचारियों को सता रहा डर, प्रोजेक्ट भवन के बाहर बनाई मानव श्रृंखला
2014 से हुई हो रही नियुक्तियों की गड़बड़ी की भी जांच होगी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कैबिनेट ने केवल जेएसएससी सीजीएल परीक्षा और टीडीपीएल द्वारा ली गई परीक्षा को केवल रद्द करने की बात नहीं की है. उन्होंने यहां तक घोषणा कर दी है कि 2014 से हुई सभी छोटी-बड़ी नियुक्तियों के गड़बड़ियों की जांच की जाएगी. इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पारित MMDR बिल को लेकर के भी अपना और सरकार का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार द्वारा MMDR एक्ट में किए गए बदलावों पर चर्चा करने के लिए जल्द ही बैठक करने वाले हैं. ज़रूरत पड़ने पर, हम इस खास मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए विशेष सत्र भी बुला सकते हैं."
