जितेन्द्र कुमार
Ranchi News (अनगड़ा): अनगड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोन्हा फॉल के समीप बुधवार को एक बरगद के पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ एक युवक का शव बरामद किया गया. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने घटनास्थल से एक आधार कार्ड बरामद किया है, जिसके आधार पर मृतक की पहचान बिहार के लखीसराय जिले के रहने वाले प्रणव कुमार के रूप में हुई है. कार्ड पर दर्ज जन्म तिथि (22/05/2008) के अनुसार उसकी उम्र लगभग 18 वर्ष थी. मृतक के पिता का नाम टुनटुन सिंह है. उसका पता सलोना चक, पोस्ट- रेहुआ, जिला- लखीसराय, बिहार अंकित है.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव, अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार और एएसआई सत्येंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और पंचनामा तैयार कर शव को अपने कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर मामले की छानबीन कर रही है.
युवक की मानसिक स्थिति थी गड़बड़
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई, उसके परिजन रांची के लिए निकल गये है. फोन पर परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रणव रांची में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, उसकी मानसिक स्थिति भी थोड़ी ठीक नहीं थी.
ये भी पढ़ें…
नहीं रहे पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, रांची के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस
झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 13-14 मई को येलो अलर्ट जारी
