रांची : पिछले तीन-चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. अरब सागर में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड पर भी रहा. इस कारण राजधानी सहित राज्य के कोने-कोने में अच्छी बारिश हुई. सर्कुलेशन के कारण आकाश में बादल छाये रहे. हवा भी सामान्य से अधिक तेज गति से चली. इसका सबसे ज्यादा असर अधिकतम तापमान पर हुआ है.
अधिकतम तापमान करीब तीन से चार डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है. इस कारण एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा. उधर, बर्फीली हवाएं भी पहाड़ों से नीचे अाने लगी हैं. ऐसे में संभावना जतायी जा रही है कि अगले कुछ दिनों में तापमान और गिरेगा. शुक्रवार-शनिवार को मिलाकर सरायकेला-खरसांवा में सबसे अधिक करीब 55 मिमी बारिश हुई थी. राजधानी में भी शुक्रवार को करीब दो मिमी बारिश हुई. वहीं, तेज हवा और बादल के कारण अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.
दो दिन पहले तक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास था. न्यूनतम तापमान करीब 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. डालटनगंज का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर कम होने से ठंड का एहसास ज्यादा हुआ. बोकारो का अधिकतम तापमान भी 27.5 तथा न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
तीन से पांच डिग्री सेल्सियस गिरेगा तापमान :
मौसम केंद्र, रांची ने पूर्वानुमान किया है कि अगले दो-तीन दिनों के अंदर तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तापमान गिरेगा. सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा. 25 नवंबर तक मौसम साफ रह सकता है. 26 नवंबर को आकाश में एक बार फिर बादल छाया रह सकता है. इससे दूसरे दिन कोहरा तथा धुंध हो सकता है.
विभिन्न जिलों का पूर्वानुमान डिग्री सेल्सियस में
11 से 12 पलामू, लोहरदगा, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह.
13 से 14 लातेहार, चतरा, रांची, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, खूंटी, सरायकेला-खरसांवा, सिमडेगा.
15 से 16 साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, प सिंहभूम.
17 से 18 गढ़वा
posted by : sameer oraon
