Jharkhand Rajya Sabha Election, रांची : झारखंड में दो सीटों पर होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनैतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है. चुनावी रणनीति बनाने और संभावित उम्मीदवारों के चयन पर मंथन करने के लिए भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक 25 मई को दिन के 11 बजे बुलाई गई है. यह बैठक रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत समिति के सभी वरिष्ठ सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहेंगे. बैठक में चुनाव से जुड़े सभी राजनैतिक व तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा.
18 जून को मतदान
झारखंड से राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं. वर्तमान में इनमें से एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता दिवंगत शिबू सोरेन और दूसरी सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता दीपक प्रकाश के पास थी. इन दोनों सीटों को भरने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी 18 जून को मतदान की तिथि निर्धारित की गई है.
क्या कहता है आंकड़ों का गणित?
मौजूदा झारखंड विधानसभा में विधायकों की संख्या और आंकड़ों के लिहाज से राज्यसभा की एक सीट को जीतने के लिए किसी भी उम्मीदवार को प्रथम वरीयता के कम से कम 28 वोटों (विधायकों के समर्थन) की आवश्यकता होगी. इस गणित के अनुसार, 56 विधायकों के कुल संख्या बल के साथ सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन बेहद मजबूत स्थिति में है और उसके पास दोनों सीटों पर फतह हासिल करने का पर्याप्त आंकड़ा मौजूद है. गठबंधन के भीतर अकेले झामुमो (JMM) के पास 34 विधायक हैं, जिसके कारण उसकी पहली सीट पर जीत पूरी तरह तय मानी जा रही है. हालांकि, दूसरी सीट को भी अपने पाले में बनाए रखने के लिए इंडिया गठबंधन को आगामी चुनाव में पूरी तरह एकजुट रहना होगा. दूसरी तरफ, कुल 24 विधायकों वाले एनडीए (NDA) खेमे की नजरें सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और नाराज या असंतुष्ट विधायकों पर टिकी हैं.
Also Read: Dumka: सांसद नलिन सोरेन के मुहल्ले में ही बिजली व्यवस्था चरमराई, लोगों ने किया रोड जाम
विधानसभा की मौजूदा दलीय स्थिति
इंडिया गठबंधन (कुल 56 विधायक)
- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो): 34
- कांग्रेस: 16
- राष्ट्रीय जनता दल (राजद): 04
- भाकपा माले: 02
एनडीए (कुल 24 विधायक)
- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा): 21
- आजसू (AJSU): 01
- जनता दल यूनाइटेड (जदयू): 01
- लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी): 01
- अन्य (01 विधायक):
- जेएलकेएम (JLKM): 01
Also Read: Ramgarh: भैरवी नदी किनारे चल रही अवैध महुआ शराब भट्ठी पर पुलिस का छापा, एक गिरफ्तार
