Janmashtami Festival Ranchi: अलबर्ट एक्का चौक (मेन रोड) पर शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति, रांची की ओर से दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ हुआ. मुख्य संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के सानिध्य में आयोजित महोत्सव के पहले दिन श्रीकृष्ण की झांकी सह बाल गोपाल प्रतियोगिता हुई. इसका उद्घाटन संजय सेठ, संरक्षक सीपी सिंह, अजय मारू, अध्यक्ष मुकेश काबरा, मेयर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार आदि ने किया. प्रतियोगिता में दो से 12 वर्ष तक के 150 से अधिक बच्चे शामिल हुए. आयोजन स्थल को वंदे मातरम की थीम पर सजाया गया है. पहले दिन श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर समिति की ओर से मोटे अनाज का भोग लगाया गया. कन्हैया इवेंट के 40 से अधिक कलाकारों ने कृष्ण जन्मोत्सव, राधा-कृष्ण की लीलाएं, महारास, फूलों की होली और शंकर-पार्वती का तांडव नृत्य प्रस्तुत किये. मथुरा, वृंदावन और कोलकाता के कलाकारों ने वंदे मातरम, रासलीला, नृत्य-नाटिका और भारत माता की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया.
आज राज्यपाल करेंगे दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन
मुख्य संरक्षक संजय सेठ व अध्यक्ष मुकेश काबरा ने बताया शनिवार को शाम तीन बजे नमो दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे. प्रतियोगिता में 18 वर्षसे कम उम्र के गोविंदा भाग नहीं ले सकेंगे. समिति के अध्यक्ष मुकेश काबरा, मीडिया प्रभारी प्रमोद सारस्वत व संजय पोद्दार ने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की.
ये है पुरस्कार राशि
पुरुष गोविंदा को प्रथम पुरस्कार के रूप में 71000 व द्वितीय पुरस्कार के रूप में 41000 रुपये मिलेंगे. वहीं, महिला गोविंदा को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51000 और द्वितीय पुरस्कार के रूप में 31000 रुपये दिये जाएंगे.
मथुरा से पहुंचे आराध्या और शिवांश
रांची में पहली बार प्रस्तुति देने मथुरा से आराध्या और शिवांश पहुंचे. आराध्या पिछले 10 वर्षों से, जबकि शिवांश पांच वर्षों से जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण की भूमिका निभा रहे हैं. दोनों अपनी 15 सदस्यीय मंडली के साथ रांची पहुंचे हैं. उनका कहना है कि राधा-कृष्ण के रास में जो आनंद है, वह जीवन के किसी भोग-विलास में नहीं. मंच पर प्रस्तुति के दौरान उन्हें साक्षात राधा-कृष्ण की अनुभूति होती है, जिससे उनका उत्साह व भक्ति और बढ़ जाती है.
ये भी पढ़ें: शिक्षक दिवस आज क्यों मनाते हैं? जानिए इस खास दिन का इतिहास और महत्व
पूरे प्रदेश में खुशहाली लायें प्रभु
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री ने संजय सेठ ने कहा कि पूरे प्रदेश में प्रभु श्रीकृष्ण खुशहाली लायें. जनता के प्यार और आशीर्वाद से आज 16 वर्षों से नमो दही हांडी का आयोजन हो रहा है. मौके पर वरुण साहू, रविंद्र मोदी, ऐश्वर्यसेठ, रमेंद्र कुमार, पवन बजाज, कमलजीत सिंह शंटी, सतीश सिन्हा, ललन श्रीवास्तव आदि थे. इधर, झांकी सह बाल गोपाल प्रतियोगिता में दो से 12 वर्ष तक के 150 से अधिक बच्चों ने भाग लिया. प्रतियोगिता में बच्चों को उम्र के हिसाब से दो ग्रुप में बांटा गया. छह वर्षसे ऊपर के बच्चों की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अदिति एवं द्वितीय स्थान अभिराज को मिला. वहीं, एक से पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार गर्व कुमार को और द्वितीय पुरस्कार टीटू कुमार को मिला. मौके पर पूनम आनंद, नीतू सिंह, नीलम चौधरी, कुमुद झा सहित सतीश सिंह ने सहयोग किया.
यह भी पढ़ें : JSSC CGL गड़बड़ी की जांच करने आयोग कार्यालय पहुंची CID की टीम ; कई दस्तावेज जब्त, अधिकारियों से पूछताछ
