Jharkhand Breaking News LIVE : गढ़वा में इंटर स्टेट बाइक चोर गिरोह का खुलासा, सात बाइक बरामद

Jharkhand Breaking News LIVE Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

Live Updates
4:32 AM. 5 Aug 22 11:02 PM. 4 Aug

इंटर स्टेट बाइक चोर गिरोह का खुलासा

गढ़वा : कांडी थाना की पुलिस को बाइक चोरी की घटना का उद्भेदन करते हुए इसमें शामिल अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए चोरी की सात बाइक को बरामद करने में बड़ी सफलता मिली है. साथ ही अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है. एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि बाइक चोरी की घटनाओं पर पुलिस द्वारा लगातार कड़ी निगरानी की जाती रही है. इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का सदस्य जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर गांव में गुलशन चौधरी उर्फ छोटू चोरी की बाइक के साथ छुपा हुआ है. जानकारी मिलते ही एक टीम का गठन किया गया. टीम ने सबसे पहले नारायणपुर गांव पहुंचकर शंकर चौधरी का पुत्र गुलशन चौधरी उर्फ छोटू को उसके घर से हिरासत में ले लिया गया. हिरासत में लेने के बाद एक-एक कड़ी खुलते चली गयी.

4:32 AM. 5 Aug 22 11:02 PM. 4 Aug

JMM नेता पंकज मिश्रा के सहयोगी बच्चू यादव गिरफ्तार

रांची : JMM नेता पंकज मिश्रा के सहयोगी बच्चू यादव को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार करने के बाद ईडी के अधिकारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रात करीब नौ बजे उसे लेकर सदर अस्पताल लेकर पहुंची. इस दौरान इमरजेंसी में मौजूद डॉ एस अली ने उनका मेडिकल टेस्ट किया. इलाज के दौरान ब्लड प्रेशर मापने के साथ ही उनका ECG किया गया. ईसीजी और ब्लडप्रेशर नार्मल पाया गया. इस दौरान डॉक्टर ने लोअर एब्डॉमिन की जांच की और पूछा कि क्या वह पहले कोई जरूरी दवाएं लेते हैं. इसपर बच्चू यादव ने कहा कि उनकी पूर्व में कोई दवा नहीं चलती है. डॉक्टर ने उन्हें ब्लड शुगर टेस्ट कराने की सलाह दी. इसपर उन्होंने जांच कराने की जरूरत नहीं बतायी. इमर्जेंसी में तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद कहा कि जांच में वे पूरी तरह से फिट हैं. इसके बाद ईडी की टीम उन्हें वहां से लेकर निकल गयी.

4:32 AM. 5 Aug 22 11:02 PM. 4 Aug

कोडरमा के पत्थर व्यवसायी महावीर यादव को गोली मारने के मामले का खुलासा

कोडरमा : नवलशाही थाना क्षेत्र के कटरियाटांड निवासी समाजसेवी सह पत्थर व्यवसायी महावीर यादव पर गोली चलाकर जान से मारने के प्रयास के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. इस मामले में घायल व्यवसायी के ही पूर्व पार्टनर व दोस्त अब मृत स्वर्गीय सुनील राम के पुत्र प्रवीण कुमार रवानी मास्टरमाइंड निकला. आरोपी प्रवीण ने ही शूटर बुलाकर घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी प्रवीण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

4:32 AM. 5 Aug 22 11:02 PM. 4 Aug

दुमका में अवैध क्रशर संचालक बंटी सिंह पर केस दर्ज

दुमका : शिकारीपाड़ा प्रखंड के कालीपाथर मौजा में अवैध रूप से क्रशर संचालन करने के आरोप में डीएमओ कृष्ण कुमार किस्कू ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल के बंटी सिंह व सौरभ मुखर्जी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. डीएमओ ने बताया कि तीन अगस्त को जिला खनन टॉस्क फोर्स के सदस्य एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी, सीओ राजू कमल और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया गया था. इस दौरान कालीपाथर मौजा में आईटीआई कॉलेज के निर्माणाधीन भवन के पास एक क्रशर का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के समय क्रशर स्थल पर कोई भी मौजूद नही था.पर क्रशर स्थल पर दो हजार घनफीट स्टोन चिप्स व तीन हजार घनफीट स्टोन डस्ट पाया गया. स्थानीय ग्रामीणों से पता चला कि पश्चिम बंगाल के आसनसोल के बंटी सिंह द्वारा उक्त क्रशर इकाई का संचालन किया जाता है तथा क्रशर का देख रेख उनके मैनेजर रामपुरहाट के सौरभ मुखर्जी द्वारा किया जाता है.

4:32 AM. 5 Aug 22 11:02 PM. 4 Aug

हजारीबाग के शिलाडीह में एक व्यक्ति ने किया सुसाइड

बरकट्ठा (रेयाज खान) : हजारीबाग जिला अंतर्गत गोरहर थाना क्षेत्र अंतगर्त शिलाडीह के लगनवां गांव में एक व्यक्ति की मौत होने का संदेहास्पद मामला सामने आया है. लगनवा निवासी राजकुमार पांडेय (27 वर्ष) पिता ददन पांडेय का शव उसके घर के अंदर कमरे में साड़ी के फंदे से झूलता हुआ पाया गया. परिजनों के मुताबिक, उसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. मृतक राजकुमार पांडेय अपनी मां के साथ अकेले रहता था. उसकी मां घटना के तीन दिन पूर्व अपने रिश्तेदार के यहां गई हुई थी. गुरुवार को जब घर वापस लौटी, तो उसके पुत्र के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. किसी अनहोनी घटना की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने गोरहर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दरवाजा खोलकर कमरे के अंदर जाकर देखा कि उसका शव छत के हूक से लटका है. पुलिस ने बताया कि शव को देखने से प्रतीत होता है कि उसकी मौत दो दिन पूर्व हुई होगी. शव से बदबू आने लगा था. पुलिस ने मृतक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया. जानकारी हो कि घटना के करीब दो साल पहले मृतक की पत्नी का शव भी अपने कमरे में फांसी पर लटका हुआ पाया गया था.

4:32 AM. 5 Aug 22 11:02 PM. 4 Aug

लोहरदगा में NGT की बैठक में लिए गए कई निणर्य

लोहरदगा (गोपी कृष्ण कुंवर) : डीसी डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण की अध्यक्षता में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की बैठक आयोजित हुई. बैठक में पर्यावरण की रक्षा के लिए बनाये गये डिस्ट्रिक्ट एनवायरनमेंट प्लान (District Environment Plan) को जिला में लागू करने का निर्देश दिया गया. इसके तहत नगर पषर्द द्वारा सूखा एवं गीला कचड़ा का प्रबंधन और सिविल सर्जन को मेडिकल कचड़े का प्रबंधन शामिल है. इस पर सिविल सर्जन द्वारा मेडिकल कचड़ों का निस्तारण मेडिकेयर कंपनी द्वारा करने की बात कही. वहीं, हिडाल्को इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को समाहरणालय परिसर में वायु की गुणवत्ता एवं प्रदूषण संबंधी जानकारी के लिए इलेक्ट्रॉनिक पॉल्यूशन डिसप्ले बोर्ड जल्द लगाने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा अवैध रूप से बालू ढुलाई की चेकिंग के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए. बैठक में जलस्त्रोतों की स्थिति, बालू घाटों की नीलामी समेत अन्य बिंदुओं समीक्षा की गई व आवश्यक निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए. बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार, डीडीसी गरिमा सिंह, अनुमंडल दंडाधिकारी अरविंद कुमार लाल, डीएसपी परमेश्वर प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ संजय कुमार सुबोध, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सुशील टुडू, सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय, जिला परिवहन पदाधिकारी अमित बेसरा, जिला उद्योग महाप्रबंधक नीलिमा केरकेट्टा, नगर पर्षद कार्यपालक पदाधिकारी देवेंद्र कुमार और अन्य उपस्थित थे.

मुख्य बातें

Jharkhand Breaking News LIVE Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >