रांची/डुमरी. धनबाद से गिरिडीह जाने के क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का डुमरी के वनांचल चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने जेपीएससी और सीजीएल मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा और सीबीआइ जांच की मांग दोहरायी.
रघुवर दास ने कहा कि मीडिया में अभय तिवारी की गिरफ्तारी की बातें सामने आ रही हैं. लेकिन सवाल यह है कि व्यवस्था किसकी थी और इसे खराब किसने किया. उन्होंने सवाल उठाया कि अभय तिवारी जैसे लोग कैसे करोड़पति बने और कैसे लक्ष्मीपुत्र बन गये.
सिंडिकेट को किसने पाला-पोसा, जांच हो : रघुवर
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे सिंडिकेट को किसने पाला-पोसा और इसे किसने आगे बढ़ाया, इसकी भी जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पूरी व्यवस्था को किसके संरक्षण में ऐसे लोगों की मुट्ठी में दिया गया, इसकी जांच जरूरी है.
जेपीएससी-सीजीएल मामले में सीबीआइ जांच की मांग
रघुवर दास ने कहा कि इसी वजह से छात्र और भारतीय जनता पार्टी जेपीएससी और सीजीएल मामले की सीबीआइ जांच की मांग कर रहे हैं. उनका कहना था कि केवल किसी एक व्यक्ति की गिरफ्तारी से पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट नहीं होगी, बल्कि व्यवस्था और कथित सिंडिकेट की भूमिका की भी जांच जरूरी है.
