आयकर विभाग बड़ा में फेरबदल: रांची, धनबाद और हजारीबाग में बदले कमिश्नर, निशा उरांव को रायपुर की कमान

Income Tax Transfer: केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने आयकर विभाग में बड़े पैमाने पर कमिश्नर, एडिशनल और डिप्टी कमिश्नर स्तर के अधिकारियों का तबादला किया है. जमशेदपुर में सलिल मिश्रा को प्रमोट कर PCIT बनाया गया है, जबकि कई अधिकारियों को झारखंड से बाहर भेजा गया है. पूरी ट्रांसफर लिस्ट यहां पढ़ें.

Income Tax Transfer, रांची (विवेक चंद्रा की रिपोर्ट): केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आयकर विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन (Transfer-Posting) का बड़ा आदेश जारी किया है. इस ऑल इंडिया स्तर के आदेश का सीधा असर बिहार-झारखंड रीजन पर पड़ा है. इसके तहत झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और हजारीबाग समेत कई प्रमुख शहरों में प्रिंसिपल कमिश्नर, कमिश्नर, एडिशनल, ज्वाइंट, डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर के आला अधिकारियों की नई तैनाती की गई है, जबकि कई अधिकारियों को राज्य से बाहर का रास्ता दिखाया गया है.

सलिल मिश्रा बने जमशेदपुर के नए PCIT

जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, जमशेदपुर में पदस्थापित सलिल मिश्रा को प्रोमोशन (पदोन्नति) का बड़ा तोहफा मिला है. उन्हें पदोन्नति के बाद जमशेदपुर में PCIT (RU)-1 के महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है. इसके साथ ही विभाग ने उन पर भरोसा जताते हुए रांची PCIT का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया है. दूसरी ओर, रांची में लंबे समय से अपनी सेवा दे रहे अमिताभ कुमार सिन्हा का तबादला देश की राजधानी दिल्ली कर दिया गया है. दिल्ली में वे अब PCIT (AU)-1 का मुख्य दायित्व संभालेंगे.

कमिश्नर स्तर पर भी हुए मुख्य बदलाव

सीबीडीटी ने कमिश्नर (CIT) रैंक के अधिकारियों की जिम्मेदारी में व्यापक बदलाव किए हैं. आशीष कुमार देहारिया को CIT (अपील) यूनिट-1, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है. वहीं, हुइड्रोम रोबिंद्रो सिंह को कोयलांचल धनबाद में CIT (अपील) यूनिट-1 का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है. उसी तरह संजय कुमार को हजारीबाग स्थित ADG (NADT-RC) के महत्वपूर्ण पद पर तैनाती मिली है. इसके अलावा भारत भूषण गर्ग को जमशेदपुर CIT (अपील) यूनिट-1 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

Also Read: ममता शर्मसार: चलती ट्रेन से मां ने दुधमुंही बच्ची को नीचे फेंका, सरायकेला-खरसावां ट्रैक पर मिला शव

निशा उरांव बनीं रायपुर की नई कमिश्नर

झारखंड कैडर की तेजतर्रार अधिकारी राखी निशा उरांव को छत्तीसगढ़ के रायपुर में CIT (अपील) यूनिट-1 के पद पर कमिश्नर रैंक में नई और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है.

एडिशनल, ज्वाइंट, डिप्टी और असिस्टेंट कमिश्नर स्तर पर भी फेरबदल

सीबीडीटी ने बिहार-झारखंड के संयुक्त क्षेत्र में बड़ी संख्या में एडिशनल (अपर) और ज्वाइंट (संयुक्त) कमिश्नर स्तर के अधिकारियों को तैनात किया है. इनमें मुख्य रूप से स्वरलिपि रॉय, संदीप गांगुली, राहुल मिश्रा, अदिति रॉय मल्लिक, संदीपन खान और रवि कांत कुमार चौधरी के नाम शामिल हैं. इसके अलावा, डिप्टी (उप) और असिस्टेंट (सहायक) कमिश्नर स्तर पर भी कई युवा चेहरों को इस रीजन में लाया गया है, जिनमें सम्राट सुबोध कुमार, सुरेंद्र चौधरी, चंद्रकांत झा, गौरव मल्लिक, शिव प्रिया और अंकित मिश्रा शामिल हैं.

झारखंड से बाहर भेजे गए अधिकारी

रूटीन और प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत सीबीडीटी ने कुछ अधिकारियों का झारखंड से बाहर भी ट्रांसफर किया है. एडिशनल कमिश्नर सौरभ उपाध्याय को रांची से दिल्ली मुख्यालय भेजा गया है. वहीं, एडिशनल कमिश्नर ऋषिकेश पांडेय का तबादला रांची से पश्चिम बंगाल रीजन में किया गया है. डिप्टी कमिश्नर डेविड टोप्पो, नूपुर मुखर्जी और अमित कुमार सिन्हा का भी ट्रांसफर झारखंड से दूसरे राज्यों में कर दिया गया है.

28 मई तक हर हाल में देना होगा योगदान

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने तबादला आदेश जारी करने के साथ ही सभी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं. बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार, स्थानांतरित और नए पदस्थापित किए गए सभी अधिकारियों को 28 मई 2026 तक अपने निर्धारित नए कार्यस्थल पर पहुंचकर हर हाल में अपना योगदान (जॉइनिंग रिपोर्ट) सुनिश्चित करना होगा.

Also Read: पुलिस हमले से लेवी वसूली तक, सारंडा-कोल्हान के सक्रिय नक्सलियों पर दर्ज हैं कई गंभीर केस

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >