रांची. शहर की सड़कों पर इन दिनों फुटपाथ दुकानदारों की बाढ़ आयी हुई है. नियम कानूनों को ताक पर रखकर ये धड़ल्ले से सड़कों पर दुकानें लगा रहे हैं. इन दुकानों के कारण सड़कें संकरी हो रही हैं. दिन-दिनभर रुक-रुककर जाम लग रहा है. दिन भर निगम और पुलिस प्रशासन के अफसर इन दुकानदारों के पास से गुजरते हैं, लेकिन किसी के पास इतनी फुर्सत नहीं है कि सड़कों पर लगायी जा रही अवैध दुकानों पर कार्रवाई हो.
सुरेंद्रनाथ स्कूल के पास लग रहीं सब्जी दुकानें
सड़क चौड़ीकरण के लिए सुरेंद्र नाथ सेंटेनरी स्कूल के पास की जगह रांची नगर निगम को दी गयी है. इसके लिए स्कूल की बाउंड्री को भी पीछे किया गया है. लेकिन आज इस गिफ्ट डीड की जमीन पर एक लाइन से सब्जी की दुकानें लगती हैं. स्कूल के समीप ही पान गुमटी खुल गया है, जहां सिगरेट से लेकर तंबाकू उत्पाद तक बिक रहे हैं. शुरुआत में यहां कम दुकानें लगती थी. लेकिन आज इन दुकानदारों की संख्या इतनी बढ़ गयी है कि ये सुरेंद्र नाथ स्कूल के समीप से लेकर बांधगाड़ी दुर्गा मंडप तक फैल गये हैं. यहां कई दुकानों की मनमानी इस कदर बढ़ गयी है कि अब ये अपनी सब्जी के बोरी को सड़क पर ही लाइन से रखने लगे हैं. वाहन खड़े कर दिन भर सब्जी लोडिंग-अनलोडिंग करते हैं. लेकिन कोई देखने वाला नहीं है.चांदनी चौक कांके रोड के पास स्थिति बेहाल
कांके रोड शहर के सबसे पॉश इलाके में माना जाता है. लेकिन यहां भी सड़क पर फुटपाथियों का ही कब्जा है. चांदनी चौक से लेकर हॉट लिप्स तक हाल के दिनों में ऐसे दुकानदारों की बाढ़ आ गयी है. सड़क पर दुकान लगाने के साथ साथ बांस-बल्ली लगाकर यहां अवैध रूप से दुकानें खुल गयी हैं. इन दुकानों में खरीदारी करने के लिए लोग सड़क पर ही वाहन को पार्क करते हैं. नतीजा रुक-रुककर यहां जाम लगता ही रहता है. बरियातू रोड में भी बढ़ीं अवैध दुकानें :बरियातू रोड के मेटास एडवेंटिस्ट के पास भी हाल के दिनों में सड़कों पर एकाएक दुकानदारों की संख्या बढ़ गयी है. यहां एक लाइन से दुकानें लग रही हैं. इन दुकानों में खरीदारी करने के लिए लोग सड़क पर ही वाहन पार्क कर रहे हैं. नतीजा सड़क पर रह-रहकर जाम लगता ही रहता है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
